Mandi News: पीलिया के 10 और मरीज मिले, खुले में सीवेज छोड़ने पर 24 लोगों को नोटिस
गोहर (मंडी)। बगस्याड़ स्वास्थ्य खंड के अंतर्गत गोहर और चैलचौक क्षेत्र में पीलिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को 10 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों का कुल आंकड़ा 92 तक पहुंच गया है। संक्रमण अब नए क्षेत्रों में भी पांव पसार रहा है। गोहर और चैलचौक के बाद अब पाधरू गांव से भी पीलिया का मामला सामने आया है। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंताएं और बढ़ गई हैं।पीलिया फैलने के कारणों की जांच के बीच जल शक्ति विभाग ने कड़ा रुख अपना लिया है। विभाग ने चैलचौक अनुभाग में खुले में सीवेज छोड़ने वाले 22 लोगों और गोहर अनुभाग में 2 लोगों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। विभाग का मानना है कि खुले में गंदगी बहाने से प्राकृतिक जलस्रोत प्रदूषित हो रहे हैं, जो बीमारी की मुख्य वजह हो सकते हैं। जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता दत्त राम ठाकुर ने पुष्टि की है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उधर, स्वास्थ्य और जल शक्ति विभाग की संयुक्त टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार पेयजल नमूनों की जांच कर रही हैं। शुक्रवार को 13 नए सैंपल लिए गए, जबकि अब तक कुल 60 से अधिक नमूने प्रयोगशाला भेजे जा चुके हैं। अब तक की जांच में नल के दो और तीन बावड़ियों के सैंपल फेल पाए गए हैं। जिन नमूनों की रिपोर्ट फेल आई है, उन्हें स्थिति स्पष्ट करने के लिए दोबारा दूसरी प्रयोगशाला में क्रॉस-चेक हेतु भेजा गया है।पीलिया के मामले बढ़ने के बाद टीमें अलर्ट पर हैं। लोगों से आग्रह है कि वे पानी उबालकर पिएं और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखें। यदि पीलिया के लक्षण दिखें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जांच करवाएं। -डॉ. राकेश रोशन, बीएमओ बगस्याड़
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 06, 2026, 19:01 IST
Mandi News: पीलिया के 10 और मरीज मिले, खुले में सीवेज छोड़ने पर 24 लोगों को नोटिस #MandiNews #TodayMandiNews #MandiHindiNews #SubahSamachar
