Chandigarh-Haryana News: 100 परियोजनाएं समय पर पूरी होंगी, सीएम हर महीने करेंगे समीक्षा

फोटो समाचार सतत निगरानी को बनेगी वरिष्ठ अधिकारियों की टास्क फोर्सअमर उजाला ब्यूरोचंडीगढ़। हरियाणा में अब बड़ी परियोजनाएं समय पर पूरी होंगी। व्यापक आर्थिक, सामाजिक और दीर्घकालिक प्रभाव वाली 100 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की पहचान कर उनकी उच्चतम स्तर पर निगरानी की जाएगी ताकि परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी हो सकें। इसके लिए संबंधित विभाग के 4-5 अधिकारियों की टास्क फोर्स बनाई जाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हर महीने खुद इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करेंगे ताकि इनमें आने वाली बाधाओं को दूर कर क्रियान्वयन में तेजी लाई जा सके। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने मंगलवार को विभिन्न विभागों के प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि टास्क फोर्स परियोजनाओं की निगरानी करेगी। परियोजनाओं में देरी की पहचान करेगी और आवश्यकता अनुसार अंतर विभागीय समन्वय सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि सुशासन के परिणामों को बेहतर बनाने और जन विश्वास को मजबूत करने के लिए प्रमुख विकास परियोजनाओं का समय पर पूरा होना अत्यंत आवश्यक है। बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने कहा कि विभाग अपनी-अपनी प्रमुख परियोजनाओं की पहचान कर जल्द से जल्द इनकी सूची हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) को भिजवाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सूची में केवल वही परियोजनाएं शामिल की जाएं जिनका व्यापक और दीर्घकालिक सामाजिक-आर्थिक प्रभाव हो। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डॉ. अमित अग्रवाल ने बैठक में कुछ प्रमुख परियोजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी और रियल टाइम निगरानी तंत्र की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विभागों से अनुरोध किया कि वे अपनी परियोजनाओं की सूची शीघ्र भेजें ताकि निगरानी प्रक्रिया बिना विलंब शुरू की जा सके।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 24, 2026, 18:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Chandigarh-Haryana News: 100 परियोजनाएं समय पर पूरी होंगी, सीएम हर महीने करेंगे समीक्षा #100ProjectsWillBeCompletedOnTime #CMWillReviewEveryMonth #SubahSamachar