Kurukshetra News: सोमनाथ धाम से लौटे 1100 श्रद्धालु, पहली बार समुद्र और ज्योतिर्लिंग के किए दर्शन
कुरुक्षेत्र। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत सोमनाथ धाम गए 23 जिलों के 1100 श्रद्धालु पांच दिवसीय यात्रा पूरी कर कुरुक्षेत्र लौट आए। यात्रा के दौरान अधिकांश श्रद्धालुओं ने पहली बार समुद्र और देश के प्रथम ज्योतिर्लिंग भगवान सोमनाथ के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने मंदिर में जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की और विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आठ जून को कुरुक्षेत्र रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन को रवाना किया था। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने सोमनाथ मंदिर के अलावा गीता मंदिर, राम मंदिर, त्रिवेणी संगम, भालका तीर्थ, गोलोक धाम और आहिल्याबाई मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन किए। श्रद्धालुओं ने समुद्र तट पर आयोजित सूर्यास्त आरती में भी भाग लिया।यात्रा से लौटे श्रद्धालुओं ने बताया कि सोमनाथ मंदिर में विशेष व्यवस्थाओं के बीच जलाभिषेक और पूजा कर उन्हें आध्यात्मिक शांति की अनुभूति हुई। कई श्रद्धालुओं के लिए यह पहली ऐसी यात्रा थी, जिसमें उन्हें समुद्र और ज्योतिर्लिंग दोनों के दर्शन का अवसर मिला। जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. नरेंद्र सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए एसी ट्रेन, भोजन, ठहरने और स्थानीय भ्रमण की व्यवस्था की गई थी। विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए विशेष बसों की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने सोमनाथ मंदिर की महाआरती, लाइट एंड साउंड शो तथा सोमनाथ के इतिहास पर आधारित प्रस्तुति भी देखी। इसके अलावा भालका तीर्थ, बाण गंगा और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण किया। पांच दिन की यात्रा पूरी कर लौटे श्रद्धालुओं ने इसे यादगार अनुभव बताया। उनका कहना था कि धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ उन्हें देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिला।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 14, 2026, 02:19 IST
Kurukshetra News: सोमनाथ धाम से लौटे 1100 श्रद्धालु, पहली बार समुद्र और ज्योतिर्लिंग के किए दर्शन #1 #100PilgrimsReturnedFromSomnathDham;WitnessedTheSeaAndTheJyotirlingaForTheFirstTime. #SubahSamachar
