Almora News: मंजूरी मिले 12 साल बीते फिर भी नहीं बन पाई सड़क
रानीखेत (अल्मोड़ा)। ताड़ीखेत विकासखंड के सिमोली-चमोली क्षेत्र में स्वीकृत चमोली-सरोली मोटर मार्ग का निर्माण शुरू नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। वर्ष 2014 में स्वीकृत हुई इस सड़क का निर्माण एक दशक से अधिक समय बीतने के बाद भी शुरू नहीं हो सका है।करीब एक हजार की आबादी वाले क्षेत्र के ग्रामीणों का कहना है कि सड़क सुविधा के अभाव में क्षेत्र से पलायन बढ़ रहा है और खेती योग्य भूमि बंजर होती जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ तो आगामी चुनावों में रोड नहीं तो वोट नहीं अभियान चलाकर चुनाव बहिष्कार किया जाएगा।ग्रामीणों ने बताया कि सड़क सुविधा नहीं होने से मरीजों को आज भी डोली के सहारे अस्पताल पहुंचाना पड़ता है। वहीं स्कूली बच्चों को प्रतिदिन दो से तीन किलोमीटर पैदल चलकर पिलखोली जाना पड़ता है। रसोई गैस सिलिंडर, भवन निर्माण सामग्री और अन्य जरूरी सामान भी ग्रामीणों को पैदल ही ढोना पड़ता है।ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने से तरसवाड़ क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा, लेकिन वर्षों से उन्हें केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं। ग्राम प्रधान तारा सिंह फर्त्याल, ग्राम प्रधान दीपा आर्या, हरीश फर्त्याल, भरत कुमार, दीपा फर्त्याल, विक्रम सिंह फर्त्याल सहित अन्य ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से शीघ्र सड़क निर्माण शुरू कराने की मांग की है।------ग्रामीण बोले------सड़क के अभाव में गांव का विकास पूरी तरह प्रभावित है। कई बार सर्वे होने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया जिससे लोगों में निराशा है। -विजय कुमार फर्त्याल, ग्रामीण ------सड़क नहीं होने से युवा लगातार गांव छोड़ रहे हैं। यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो ग्रामीण लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव बहिष्कार कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। -नीरज सिंह फर्त्याल, ग्रामीण ------कोट - विभागीय अधिकारियों से सड़क समस्या को लेकर वार्ता चल रही है। शीघ्र ही सार्थक कार्यवाही होगी : डॉ प्रमोद नैनवाल, विधायक रानीखेत
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 21, 2026, 21:40 IST
Almora News: मंजूरी मिले 12 साल बीते फिर भी नहीं बन पाई सड़क #12YearsHavePassedSinceTheApprovalWasGiven #YetTheRoadCouldNotBeBuilt. #SubahSamachar
