Ambala News: इटली भेजने के नाम पर 13 लाख रुपये की ठगी
अंबाला। इटली का वर्क वीजा लगवाने का झांसा देकर एक ट्रैवल एजेंट और उसकी पत्नी ने एक व्यक्ति से 13 लाख रुपये हड़प लिए। आरोपियों ने न केवल पीड़ित को फर्जी दस्तावेज थमाए, बल्कि पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात की धारा 316(2) और धोखाधड़ी करने की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।डिफेंस कॉलोनी निवासी अश्विनी कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह टूर एंड ट्रेवल्स का काम करते हैं। जून 2025 में उनकी मुलाकात खरड़, मोहाली निवासी हरप्रीत सिंह सिद्धू और उसकी पत्नी उमा कुमारी से हुई। आरोपियों ने खुद को इटली से आया हुआ बताकर अपनी धाक जमाई और विदेश भेजने के नाम पर भरोसा जीत लिया। आरोप है कि आरोपियों ने इटली वर्क परमिट के नाम पर उनसे 13 लाख रुपये ऑनलाइन दे दिए। कुछ समय बाद जब आरोपियों ने दस्तावेज दिए, तो जांच में वे फर्जी पाए गए।अश्विनी कुमार ने बताया कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी। दबाव बनाने पर आरोपियों ने 6.5-6.5 लाख रुपये के दो चेक दिए, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गए। इसके बाद पीड़ित ने कोर्ट में चेक बाउंस का केस भी दायर किया। वहीं, जब वे अपने पैसे मांगने आरोपियों के घर गए, तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। जांच अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह पाया गया कि शिकायतकर्ता ने आरोपियों के खाते में 13 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे, जबकि आरोपियों ने केवल 2.95 लाख रुपये ही वापस किए। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 03:34 IST
Ambala News: इटली भेजने के नाम पर 13 लाख रुपये की ठगी #13LakhRupeesDefraudedInTheNameOfSendingToItaly #SubahSamachar
