Una News: 150 ने किया रक्तदान, 820 रोगियों की जांची सेहत

आश्रम अधिष्ठाता हेमानंद ने किया रक्तदान संवाद न्यूज एजेंसीऊना। उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद आश्रम में रविवार को मानव सेवा और समाज कल्याण की मिसाल पेश करते हुए मेगा मेडिकल चेकअप और रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। देवभूमि फाउंडेशन ऊना और भानू चैरिटेबल ट्रस्ट चंडीगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर स्वास्थ्य लाभ उठाया। शिविर का शुभारंभ आश्रम अधिष्ठाता हेमानंद महाराज ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। हेमानंद महाराज ने स्वयं रक्तदान कर समाज के लिए प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया। देर शाम तक चले शिविर में जहां 150 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ। वहीं, 820 रोगियों की जांच भी हुई। शिविर में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ नेत्र जांच की विशेष व्यवस्था भी की गई। आश्रम अधिष्ठाता स्वामी हेमानंद महाराज ने देवभूमि फाउंडेशन द्वारा समाज कल्याण के क्षेत्र में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मेगा मेडिकल चेकअप कैंप और रक्तदान शिविर समाज के जरूरतमंद, गरीब और वंचित वर्ग के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होते हैं, क्योंकि ऐसे लोग अक्सर आर्थिक कारणों से समय पर इलाज नहीं करवा पाते। देवभूमि फाउंडेशन के अध्यक्ष प्रिंस ठाकुर ने कहा कि रक्तदान शिविर में लोगों ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। स्वास्थ्य जांच के उपरांत जिन मरीजों को दवाइयों की आवश्यकता होगी, उन्हें संस्थाओं की ओर से नि:शुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं नेत्र जांच के बाद जिन लोगों को चिकित्सकों द्वारा चश्मा लगाने की सलाह दी जाएगी, उसका खर्च भी संस्थाएं स्वयं वहन करेंगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 08, 2026, 19:22 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: 150 ने किया रक्तदान, 820 रोगियों की जांची सेहत #150PeopleDonatedBlood #HealthOf820PatientsWasChecked. #SubahSamachar