Yamuna Nagar News: राज्यस्तरीय पशु मेले में जाएंगी 22 रोडवेज बसें, रूट होंगे प्रभावित
यमुनानगर जिले के यात्रियों को एक बार फिर रोडवेज बसों की कमी का खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। कुरुक्षेत्र के केडीबी मेला मैदान में छह से आठ फरवरी तक आयोजित किए जा रहे राज्यस्तरीय पशु मेले के लिए जिले से रोडवेज की 22 बसों को लगाया गया है। इन बसों के मेला ड्यूटी में जाने से जिले के कई नियमित रूटों पर बस सेवा प्रभावित होगी, जिससे आम यात्रियों, विद्यार्थियों और दैनिक यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। ये सभी 22 बसें प्रतिदिन करीब 1200 पशुपालकों को यमुनानगर से कुरुक्षेत्र मेला स्थल तक लाने-ले जाने का कार्य करेंगी। इसके लिए बसों को जिले के विभिन्न रूटों से हटाया जाएगा। पहले से ही जिले में रोडवेज बसों की संख्या बहुत कम हैं। ऐसे में अचानक इतनी बड़ी संख्या में बसों के रूट से हटने से यात्रियों को लंबा इंतजार और वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ सकता है।यात्रियों की परेशानी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक दिन पहले ही मंगलवार को लेदी रूट पर बस नहीं चलने से नाराज विद्यार्थियों ने यमुनानगर बस स्टैंड के मुख्य गेट पर जाम लगा दिया था। विद्यार्थियों का कहना था कि नियमित बस सेवा बाधित होने से उन्हें कॉलेज और स्कूल पहुंचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अब 22 और बसों के रूट से हटने से स्थिति और गंभीर हो सकती है। यमुनानगर डिपो में रोडवेज की 160 बसें हैं। इनमें से भी 10 से 15 बसें तो हर वक्त मरम्मत या फिर स्टाफ की कमी की वजह से वर्कशॉप में ही खड़ी रहती हैं। कर्मचारी नेता महीपाल का कहना है कि सरकार द्वारा समय-समय पर राज्यस्तरीय कार्यक्रम और मेले विभिन्न जिलों में आयोजित किए जाते हैं, जिनमें यात्रियों को लाने-ले जाने के लिए रोडवेज बसों का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जाता है। इससे आम यात्रियों के लिए चलाई जाने वाली बसों की संख्या कम हो जाती है और सबसे ज्यादा नुकसान रोजाना सफर करने वालों को उठाना पड़ता है। इसलिए सरकार रोडवेज की नई बसों की खरीद करे। राज्यस्तरीय कार्यक्रमों के लिए अतिरिक्त या विशेष बसों की व्यवस्था की जाए, ताकि नियमित रूटों पर चलने वाली बस सेवाएं प्रभावित न हों। रोडवेज पहले से ही संसाधनों की कमी से जूझ रहा है और ऐसी स्थिति में बसों को रूट से हटाना यात्रियों के साथ अन्याय है। ----वर्जन:जिला से रोजाना 22 बसें कुरुक्षेत्र के लिए जाएंगी। प्रतिदिन 1200 लोगों को कुरुक्षेत्र ले जाने का लक्ष्य रखा गया है। पशु मेले में पशुपालकों के लिए ड्रा भी निकाले जाएंगे।- डॉ. रणजीत सिंह, उपनिदेशक, पशुपालन विभाग।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 05, 2026, 03:19 IST
Yamuna Nagar News: राज्यस्तरीय पशु मेले में जाएंगी 22 रोडवेज बसें, रूट होंगे प्रभावित #22RoadwaysBusesWillGoToStateLevelCattleFair #RoutesWillBeAffected #SubahSamachar
