Sonipat News: कॉलेजों में खाली रहीं 25 फीसदीं सीटें, 12 तक बढ़ाई पंजीकरण तिथि

संवाद न्यूज एजेंसीसोनीपत। स्नातक में प्रवेश से के लिए विद्यार्थियों को और एक मौका दिया है। उच्चतर शिक्षा निदेशालय ने एक बार फिर से ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि बढ़ाते हुए 12 जुलाई कर दी है। यह तीसरी बार है जब तिथि बढ़ाई गई है। महाविद्यालयोंं ने एक बार फिर से सीटों को भरने का प्रयास शुरू कर दिया है।शैक्षणिक सत्र 2026-27 में बीए, बीकॉम, बीएससी, बीबीए और अन्य स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। बिना पंजीकरण के किसी भी विद्यार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने अब तक आवेदन नहीं किया है उनके लिए यह अंतिम अवसर माना जा रहा है। जिले के 23 प्रमुख महाविद्यालयों में इस वर्ष स्नातक कक्षाओं के लिए करीब 13,500 सीटें निर्धारित की गई हैं। दूसरी ओर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड से 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है। इतने विद्यार्थियों के उत्तीर्ण होने के बाद भी अधिकांश महाविद्यालयों में 20 से 25 फीसदी सीटें खाली पड़ी हैं।प्रवेश प्रक्रिया की शुरुआत 7 मई से हुई थी। प्रारंभिक चरण में 31 मई तक पंजीकरण की सुविधा दी गई थी। इसके बाद पहली बार समय सीमा बढ़ाकर 15 जून और फिर दूसरी बार 30 जून तक कर दी गई। बावजूद इसके सभी सीटों पर आवेदन नहीं हो सके। महाविद्यालय प्रबंधन की मांग और विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए अब निदेशालय ने तीसरी बार 12 जुलाई तक पंजीकरण की अनुमति दी है।विशेष सहायता केंद्र संचालितविद्यार्थियों की सहायता के लिए महाविद्यालयों में विशेष सहायता केंद्र चलाए जा रहे हैं। यहां पर नोडल अधिकारियों की निगरानी में ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करवाई जा रही है।वर्जन विद्यार्थियों से अपील है कि वह अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करें। समय रहते अपनी पसंद के महाविद्यालय तथा विषय का चयन सावधानीपूर्वक करते हुए पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर लें ताकि आगे किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। -डॉ. सीमा गर्ग, प्राचार्य, हिंदू कॉलेज

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 02, 2026, 16:08 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Sonipat News: कॉलेजों में खाली रहीं 25 फीसदीं सीटें, 12 तक बढ़ाई पंजीकरण तिथि #25%SeatsRemainVacantInColleges #RegistrationDateExtendedTill12 #SubahSamachar