Jhajjar-Bahadurgarh News: 30 साल पुरानी मांग पूरी, पुराना बराही रोड अब होगा संत शिरोमणि गुरु रविदास मार्ग
बहादुरगढ़। वार्ड-1 स्थित पुराना बराही रोड पर संत शिरोमणि गुरु रविदास के नाम से बनाए गए स्वागत द्वार का निर्माण कार्य पूरा हो गया। इसके साथ ही पुराना बराही रोड का आधिकारिक नामकरण भी संत शिरोमणि गुरु रविदास मार्ग कर दिया गया है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद शनिवार को वार्ड के बुजुर्गों की मौजूदगी में इसका विधिवत उद्घाटन किया गया। स्वागत द्वार का उद्घाटन वार्ड-1 के पार्षद रजनीश उर्फ मोनू तथा नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी के प्रतिनिधि रमेश राठी ने किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने पर खुशी व्यक्त की। पार्षद रजनीश उर्फ मोनू ने बताया कि क्षेत्र के लोगों की करीब 30 वर्षों पुरानी मांग थी कि पुराना बराही रोड पर संत शिरोमणि गुरु रविदास के नाम से स्वागत द्वार बनाया जाए और मार्ग का नामकरण भी उनके नाम पर किया जाए। जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए यह प्रस्ताव नगर परिषद चेयरपर्सन सरोज राठी के समक्ष रखा गया। चेयरपर्सन ने मांग को गंभीरता से लेते हुए तुरंत एस्टीमेट तैयार करवाया और निर्माण कार्य शुरू कराया। अब स्वागत द्वार का निर्माण पूर्ण हो चुका है तथा मार्ग का नामकरण भी संत शिरोमणि गुरु रविदास के नाम पर कर दिया गया है। यह केवल एक स्वागत द्वार का निर्माण नहीं बल्कि समाज की आस्था, सम्मान और वर्षों से जुड़ी भावना का सम्मान है। इस अवसर पर रविदास प्रधान नरेंद्र सहोता, पूर्व प्रधान ग्यासू, बालकिशन, मुकेश, नरेश, जयपाल, भान सहित वार्ड के अनेक नागरिक मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 27, 2026, 20:16 IST
Jhajjar-Bahadurgarh News: 30 साल पुरानी मांग पूरी, पुराना बराही रोड अब होगा संत शिरोमणि गुरु रविदास मार्ग #30-year-oldDemandMet;OldBarahiRoadToBeRenamedSantShiromaniGuruRavidasMarg. #SubahSamachar
