Chandigarh News: तरनतारन में ड्रोन से आई 3.925 किलो हेरोइन बरामद
तरनतारन। सीमापार नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान के दौरान गांव कालियां के खेतों से ड्रोन के जरिये भेजी गई 3 किलो 925 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। इस कार्रवाई ने एक बार फिर तस्करों द्वारा आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की पुष्टि की है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार खुफिया सूचना के आधार पर बीएसएफ के साथ मिलकर तलाशी अभियान चलाया गया। इसी दौरान खेतों में एक संदिग्ध ड्रोन गिरा हुआ मिला, जिसके साथ प्लास्टिक में लिपटी भारी मात्रा में हेरोइन बंधी थी। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह खेप पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारतीय सीमा में भेजी गई। इस संबंध में थाना वल्टोहा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए सीमापार तस्करों, उनके स्थानीय संपर्कों और पूरे सप्लाई नेटवर्क को खंगालना शुरू कर दिया है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि ड्रोन कहां से उड़ाया गया और इसका रिसीवर कौन था। बरामद ड्रोन और नशीले पदार्थ को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और सख्त की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 04, 2026, 20:43 IST
Chandigarh News: तरनतारन में ड्रोन से आई 3.925 किलो हेरोइन बरामद #3.925KgOfHeroinDeliveredViaDroneWasRecoveredInTarnTaran. #SubahSamachar
