Una News: राष्ट्रीय लोक अदालत में निपटाए 4704 मामले
ऊना। जिला एवं सत्र न्यायालय ऊना और उपमंडल अंब स्थित न्यायालय परिसर में शनिवार को जिला एवं सत्र न्यायाधीश नरेश कुमार की अध्यक्षता में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। लोक अदालत के माध्यम से आपसी सहमति और समझौते के आधार पर कुल 4704 मामलों का निस्तारण किया गया, जिनमें लगभग 97,88,191 रुपये की राशि के समझौते हुए।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनीता शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों का निपटारा आपसी सहमति और समझौते के आधार पर किया गया। उन्होंने कहा कि लोक अदालत का उद्देश्य न्याय प्रक्रिया को सरल, त्वरित और सुलभ बनाना है, जिससे लोगों को कम समय में राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि लोक अदालत में आपराधिक कंपाउंडेबल मामलों, दीवानी विवादों, चेक बाउंस से जुड़े धारा 138 एनआई अधिनियम के मामलों, उपभोक्ता शिकायतों, मोटर व्हीकल चालान तथा धन वसूली से संबंधित मामलों की सुनवाई कर उनका निपटारा किया गया। लोक अदालत के माध्यम से न केवल लंबित मामलों के समाधान में तेजी आती है, बल्कि आपसी समझदारी के साथ विवादों का निपटारा भी संभव हो पाता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 14, 2026, 18:42 IST
Una News: राष्ट्रीय लोक अदालत में निपटाए 4704 मामले #4704CasesSettledInNationalLokAdalat #SubahSamachar
