Sirsa News: तेज अंधड़ से 50 बिजली खंभे गिरे, दो दिन से आपूर्ति बाधित
डिंग मंडी। डिंग मंडी क्षेत्र में शनिवार को आए तेज अंधड़ और बारिश ने विद्युत व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। तेज हवाओं के कारण करीब 50 बिजली के पोल गिरकर क्षतिग्रस्त हो गए जिससे डिंग मंडी, मोचीवाली और कुकड़थाना सहित आसपास के क्षेत्रों में दो दिनों से घरों और खेतों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। बिजली बंद होने से ग्रामीणों को गर्मी के मौसम में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा, वहीं किसानों के कृषि कार्य भी प्रभावित हुए। विद्युत निगम के लाइनमैन रोहताश सुथार ने बताया कि तेज आंधी और बारिश के चलते अनेक स्थानों पर बिजली के पोल गिर गए तथा तारों को भी नुकसान पहुंचा है। इस कारण कई फीडरों की सप्लाई ठप हो गई। निगम के कर्मचारियों द्वारा लगातार मरम्मत कार्य किया जा रहा है और क्षतिग्रस्त पोलों को बदलने तथा लाइनों को दुरुस्त करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है।उन्होंने बताया कि कुछ क्षेत्रों में बिजली लाइनों को बहाल कर सप्लाई शुरू कर दी गई है, जबकि शेष प्रभावित स्थानों पर भी कार्य तेजी से चल रहा है। जल्द ही सभी लाइनों की मरम्मत पूरी कर नियमित विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।ग्रामीणों ने बताया कि बिजली बाधित रहने से पेयजल आपूर्ति, घरेलू कार्यों तथा खेतों में सिंचाई कार्य प्रभावित हुए हैं। लोगों ने निगम से जल्द से जल्द बिजली व्यवस्था सुचारु करने की मांग की है। वहीं विद्युत निगम के अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मौसम सामान्य होने के साथ ही सभी प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूर्ण रूप से बहाल कर दी जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 21, 2026, 21:41 IST
Sirsa News: तेज अंधड़ से 50 बिजली खंभे गिरे, दो दिन से आपूर्ति बाधित #50ElectricityPolesToppledByStrongGale;PowerSupplyDisruptedForTwoDays. #SubahSamachar
