Panipat News: आयुष्मान योजना में ब्रेन ट्यूमर मरीज को अस्पताल में एक सप्ताह दाखिल रखा, 1.23 लाख रुपये वसूल किए

पानीपत। निजी अस्पताल में आयुष्मान योजना में इलाज पर एक बार फिर सवाल उठे हैं। एक व्यक्ति बलबीर ने उपायुक्त को एक निजी अस्पताल के खिलाफ शिकायत दी है। उन्होंने अस्पताल पर उनकी पत्नी गुड्डी देवी को ब्रेन ट्यूमर के इलाज के लिए एक सप्ताह दाखिल रखने और 1.23 लाख वसूलने के आरोप लगाए हैं। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने अस्पताल को एक सप्ताह का समय दिया और सीएमओ को आयुष्मान योजना में धांधली सामने आने पर अस्पताल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। उपायुक्त ने इसके साथ अस्पतालों में इलाज की निगरानी रखने के आदेश दिए हैं। बलबीर सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी 68 वर्षीय गुड्डी देवी को ब्रेन ट्यूमर था। उनका इलाज एक स्थानीय निजी अस्पताल में आयुष्मान भारत योजना के तहत शुरू किया गया। उनको एक सप्ताह तक भर्ती रखने के बाद इलाज पूरा नहीं किया। अस्पताल में उनसे लगभग 1.23 लाख रुपये की राशि वसूल ली। उन्होंने धांधली के आरोप लगाए। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र दहिया ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ डॉ. विजय मलिक को मामले में कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल संचालक से शिकायतकर्ता की पूरी राशि तत्काल वापस कराई जाएं। अस्पताल राशि वापस नहीं करता है तो उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएं। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को एक सप्ताह का समय दिया है। इसके भीतर उचित कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं। योजना के नाम पर धोखाधड़ी नहीं होने दी जाएगीउपायुक्त ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना सरकार की एक महत्वाकांक्षी और जनहितकारी योजना है। इसका उद्देश्य गरीब और जरूरतमंद परिवारों को मुफ्त और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। कोई संस्था या व्यक्ति इस योजना के नाम पर धोखाधड़ी करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। निजी और पंजीकृत अस्पतालों की होगी निगरानीउपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले के सभी निजी व पंजीकृत अस्पतालों की नियमित निगरानी की जाए। आयुष्मान योजना में होने वाले इलाज की पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त ने कहा कि शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष व्यवस्था भी की जाएगी। भविष्य में इस तरह की शिकायतें मिलने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 07, 2026, 02:40 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Panipat News: आयुष्मान योजना में ब्रेन ट्यूमर मरीज को अस्पताल में एक सप्ताह दाखिल रखा, 1.23 लाख रुपये वसूल किए #ABrainTumorPatientWasKeptInHospitalForAWeekUnderTheAyushmanYojanaSchemeAndChargedRs1.23Lakh. #SubahSamachar