Harda News: जब एसडीएम दफ्तर में दिखा पांच फीट लंबा सांप, कुर्सी छोड़ भागे अफसर; मच गई अफरा-तफरी देखें वीडियो

हरदा के एसडीएम कार्यालय में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब पांच फीट लंबा एक सांप कार्यालय के अंदर घुस आया। सांप को देखते ही कर्मचारी अपनी सीटें छोड़कर बाहर निकल गए और कुछ समय के लिए कार्यालय का कामकाज भी प्रभावित हो गया। जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 4 बजे सांप मुख्य द्वार से होते हुए कार्यालय परिसर में प्रवेश कर गया। वह सीधे उस कक्ष में पहुंच गया, जहां जाति प्रमाण पत्र संबंधी कार्य किया जाता है। इस दौरान अपनी सीट पर काम कर रहे एक बाबू के पैरों के पास से सांप गुजर गया। अचानक सांप दिखाई देने पर कर्मचारी घबरा गए। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यालय में मौजूद लोगों को भी अंदर जाने से रोक दिया गया। घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई। इसके बाद सर्प मित्र दिनेश चंदेल मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। उन्होंने कमरे में जाकर सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया और कार्यालय से बाहर निकाल लिया। सांप के पकड़े जाने के बाद कर्मचारियों और आम नागरिकों ने राहत की सांस ली। ये भी पढ़ें-त्विषा शर्मा केस: गिरिबाला-समर्थ की मुश्किलें बढ़ी, एजेंसी की मांग पर 30 जून तक बढ़ाई हिरासत, सीबीआई जांच जारी एसडीएम अशोक कुमार डेहरिया ने बताया कि पकड़ा गया सांप धामन प्रजाति का था, जो विषैला नहीं होता। उन्होंने बताया कि सर्प मित्र द्वारा सांप को सुरक्षित रूप से जोगा क्षेत्र के समीप स्थित जंगल में छोड़ दिया गया है। एसडीएम ने कहा कि बारिश के मौसम में इस प्रकार की घटनाएं बढ़ जाती हैं। इसलिए कार्यालय परिसर की विशेष साफ-सफाई कराई जाएगी, ताकि सांप या अन्य जीव-जंतु परिसर में प्रवेश न कर सकें। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन अचानक कार्यालय में सांप पहुंच जाने से कुछ समय के लिए कर्मचारियों और वहां आए लोगों के बीच दहशत का माहौल बना रहा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 17, 2026, 00:23 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Harda News: जब एसडीएम दफ्तर में दिखा पांच फीट लंबा सांप, कुर्सी छोड़ भागे अफसर; मच गई अफरा-तफरी देखें वीडियो #CityStates #Harda #MadhyaPradesh #RatSnake #DhamanSnake #ForestDepartment #SnakeRescuer #Administration #MonsoonSeason. #SubahSamachar