Delhi NCR News: गीजर फटने से घर में लगी आग, दम घुटने से हजरत निजामुद्दीन दरगाह के सज्जादा नशीन की मौत

-हजरत निजामुद्दीन एरिया में शनिवार शाम घर में लगी आग-हादसे के समय बाथरूम में मौजूद थे सैयद मोहम्मद निजामी की मौत-पत्नी भी धुएं की चपेट में आईं, कराया गया अस्पताल में भर्ती-पुलिस, दमकल कर्मियों ने पड़ोसियों की मदद से बाकी परिजनों को सकुशल निकाला, सज्जादा नशीन की मौत के बाद देशभर में उनके अनुयायियों में मातम का माहौल-पुलिस ने रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा, हजारों लोगों ने दी अंतिम विदाई, बाद में शव को निजामुद्दीन स्थित ख्वाजा हाल में किया गया सुपुर्द-ए-खाकअमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली।दक्षिण-पूर्व दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में शनिवार की शाम बाथरूम का गीजर फटने के बाद घर में लगी आग से हजरत निजामुद्दीन दरगाह के सज्जादा नशीन सैयद मोहम्मद निजामी (50) की मौत हो गई। हादसे के समय वह बाथरूम में मौजूद थे। गीजर फटने के बाद उनकी पत्नी भी धुएं की चपेट में आकर जख्मी हो गईं। पत्नी समेत बाकी परिजनों को पुलिस, दमकल विभाग और पड़ोसियों ने किसी तरह घर से बाहर निकाला। बाद में दरवाजा तोड़कर किसी तरह सैयद मोहम्मद निजामी को एंबुलेंस की मदद से मूलचंद अस्पताल भेजा गया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। उनकी पत्नी अर्जुमन उर्फ फिदा निजामी (45) को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। सैयद मोहम्मद निजामी निजामुद्दीन दरगाह के संरक्षक (कस्टोडियन) थे। भारत के अलावा कई देशों में उनके अनुयायी थे। उनकी मौत की सूचना मिलते ही उनके अकीदतमंदों में मातम छा गए। बड़ी संख्या में देश-विदेश से लोग दिल्ली पहुंचे।रविवार को पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद उनका शव परिजनों के हवाले कर दिया। बाद में दरगाह में जनाजे की नमाज के बाद उनके शव को ख्वाजा हाल कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। सज्जादा नशीन की मौत के बाद दिन-भर हजरत निजामद्दीन एरिया में हजारों लोगों की भीड़ जुटी रही। लोगों ने उनके अंतिम दर्शन किए। दक्षिण-पूर्व जिला के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ने बताया कि सैयद मोहम्मद निजामी अपने परिवार के साथ मकान नंबर-134-135, अलवी चौक, बस्ती हजरत निजामुद्दीन में पहली मंजिल पर रहते थे। इनके परिवार में बुजुर्ग मां रानी बी निजामी, पत्नी अर्जुमन उर्फ फिदा निजामी, दो बेटे शाफी निजामी, हसन निजामी के अलावा एक बेटी महमूदा है। शनिवार को दरगाह पर हजरत बीबी फातिमा का उर्स था। वह पूरे दिन दरगाह पर रहे। शाम के समय कार्यक्रम से आने के बाद वह नहाने के लिए बाथरूम में चले गए। उस समय घर में पत्नी, मां के अलावा बड़ा बेटा शाफी मौजूद था। पड़ोसियों ने घर में लगी आग को देखा तो वह मदद को भागे। पुलिस व दमकल विभाग को खबर दी गई। घर के मेन गेट पर अंदर से ताला लगा हुआ था। पुलिस व दमकल विभाग ने पड़ोसियों की मदद से सैयद मोहम्मद निजामी की मां, बेटे और पत्नी को पिछले गेट से किसी तरह निकाल लिया। इस बीच सैयद मोहम्मद निजामी बाथरूम में ही फंसे रहे। घर में भी आग लग गई। दमकल कर्मियों ने किसी तरह लोहे के मेन गेट के लॉक को काटा और अंदर दाखिल हुए। बाद में बाथरूम से निकालकर उनको मूलचंद अस्पताल भेजा गया, जहां उनको मृत घोषित कर दिया गया। क्राइम टीम के अलावा एफएसएल ने घर से साक्ष्य जुटाए हैं। हादसे की वजहों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। शुरुआती जांच में गीजर फटने के बाद लगी आग को हादसे का कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 08, 2026, 19:11 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Delhi NCR News: गीजर फटने से घर में लगी आग, दम घुटने से हजरत निजामुद्दीन दरगाह के सज्जादा नशीन की मौत #AGeyserBurstIntoFlames #LeadingToTheDeathOfTheSajjadaNashinOfTheHazratNizamuddinDargah. #SubahSamachar