Kangra News: दिवाली से पहले 52 जलवाहकों को तोहफा, हुए नियमित
धर्मशाला। दिवाली से पहले जिले में शिक्षा विभाग के तहत कार्यरत 52 जलवाहकों को नियमित करने के आदेश जारी किए गए हैं। इन कर्मचारियों को अब चतुर्थ श्रेणी (चपरासी-कम-चौकीदार) के पद पर नियमित नियुक्ति दी गई है।उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा कांगड़ा अजय सिंह संबयाल की ओर से इस संबंध में कार्यालय आदेश जारी किए गए हैं।शिक्षा विभाग के आदेशों के अनुसार नियमितीकरण का लाभ उन अंशकालिक जलवाहकों और जलवाहक-कम-सेवादारों को दिया गया है, जिन्होंने 31 मार्च, 2026 और 30 सितंबर, 2026 तक निर्धारित शर्तों के तहत कुल 11 वर्ष का संयुक्त सेवाकाल पूरा किया है।इसमें सात वर्ष अंशकालिक जलवाहक और चार वर्ष दैनिक वेतनभोगी के रूप में सेवाएं देना अनिवार्य था। विभागीय पदोन्नति समिति की सिफारिश और वरिष्ठता के आधार पर 52 कर्मचारियों को नियमित करने का निर्णय लिया गया है।आदेश के तहत कर्मचारियों को अलग-अलग स्कूलों और शिक्षण संस्थानों में तैनाती दी गई है। कुछ कर्मचारियों को उनके पहले कार्यस्थल से अलग संस्थानों में भी तैनात किया गया है। विभाग ने सभी चयनित कर्मचारियों को आदेश जारी होने के पांच दिन के भीतर नए तैनाती स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए हैं।उन्होंने कहा कि निर्धारित समय में कार्यभार न संभालने पर यह माना जाएगा कि संबंधित कर्मचारी नियमितीकरण का प्रस्ताव स्वीकार नहीं कर रहा है। ऐसी स्थिति में पद अगले पात्र उम्मीदवार को देने का प्रावधान किया गया है।उन्होंने कहा कि नियमितीकरण के साथ विभाग ने कुछ शर्तें भी निर्धारित की हैं। कर्मचारियों का चरित्र और पूर्व सेवा रिकॉर्ड संतोषजनक होना जरूरी है। इसके लिए संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को शैक्षणिक एवं जन्म प्रमाणपत्रों का सत्यापन करवाने के निर्देश दिए गए हैं। किसी प्रमाणपत्र के फर्जी पाए जाने पर विभाग को सूचित करना होगा, ताकि नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।इसके अलावा कर्मचारियों को हिमाचली बोनाफाइड प्रमाणपत्र, जन्मतिथि प्रमाणपत्र, श्रेणी प्रमाणपत्र और मेडिकल प्रमाणपत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज जमा करवाने होंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नियमितीकरण की प्रक्रिया निर्धारित नियमों और शर्तों के अधीन रहेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 07, 2026, 01:45 IST
Kangra News: दिवाली से पहले 52 जलवाहकों को तोहफा, हुए नियमित #AGiftFor52WaterCarriersAheadOfDiwali:TheyHaveBeenRegularized. #SubahSamachar
