Chamba News: पास चार दिन से खड़ी सरकारी बस, लग रहा जाम

चंबा। चंबा-पठानकोट हाईवे पर परेल के पास एक एचआरटीसी बस चार दिन से खराब हालत में खड़ी है। इससे मार्ग संकरा हो गया है। यहां जाम जैसे हालात बन गए हैं और आवाजाही प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों और राहगीरों का कहना है कि इस वजह से लगातार ट्रैफिक बाधित हो रहा है और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है। हाईवे किनारे खड़ी बस के कारण सड़क का एक हिस्सा पूरी तरह घिर गया है। वाहनों को निकलने में दिक्कत हो रही है। खासकर भारी वाहनों और मोड़ वाले हिस्से में स्थिति और गंभीर हो जाती है। राहगीरों का कहना है कि रात के समय यह स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। सड़क पर दृश्यता कम होने से दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। परिवहन निगम भी बस में तकनीकी खराबी आने और आवश्यक स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध न होने के कारण मरम्मत कार्य पूरा नहीं होने का तर्क दे रहा है। स्थानीय लोगों निशा कुमारी, सरोज कुमार, अनीता देवी, सुनील कुमार, साहिल कुमार, रमन कुमार आदि का कहना है कि चार दिन से बस सड़क किनारे खड़ी है। इससे रास्ता संकरा हो गया है और जाम लग रहा है। लोगों ने मांग की है कि खराब बस को जल्द सड़क से हटाया जाए या मरम्मत कर मार्ग को पूरी तरह सुचारु बनाया जाए। एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह का कहना है कि मामला ध्यान में है। जैसे ही स्पेयर पार्ट आएंगे, बस की मरम्मत करके उसे रूट पर भेज दिया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 06, 2026, 16:40 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Chamba News: पास चार दिन से खड़ी सरकारी बस, लग रहा जाम #AGovernmentBusHasBeenParkedNearbyForFourDays #CausingTrafficJams. #SubahSamachar