Ayodhya News: खुद को किडनैप बता कर छात्र ने पिता से मंगवाए 90 हजार
अयोध्या। राजस्थान के जयपुर स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक कर रहे छात्र ने खुद को किडनैप बताकर पिता से 90 हजार रुपये फिरौती मंगवाई। नगर कोतवाली पुलिस ने राजस्थान की पुलिस से संपर्क साधा तो मामले का खुलासा हुआ है। जयपुर की पुलिस के संपर्क करने पर छात्र के पिता राजस्थान रवाना हुए हैं। शहर के नाका निवासी एक व्यक्ति का बेटा जयपुर के हरमाणा थाना क्षेत्र स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज में बीटेक कर रहा है। रविवार की देर शाम उनके मोबाइल फोन पर बेटे के नंबर से ही कॉल आई। कॉल रिसीव करने पर सामने वाले ने उनके बेटे के अपहरण की जानकारी दी तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। बेटे को वापस करने के लिए कॉलर ने उनसे 90 हजार की फिरौती मांगी। उन्होंने नगर कोतवाली पुलिस को मामले से अवगत कराया। प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पांडेय ने राजस्थान के जयपुर की एक महिला आईपीएस से संपर्क साधा और प्रकरण की जानकारी दी। सोमवार की सुबह राजस्थान की पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया और इंस्पेक्टर को फोन करके जानकारी दी तो सभी दंग रह गए। महिला आईपीएस ने बताया कि छात्र को किडनैप नहीं किया गया था, बल्कि उसने अपने पिता से ही धन ऐठने के लिए खुद के किडनैप होने की कहानी रची थी। उसने अपने ही मोबाइल फोन से अपने दोस्तों से फोन कराया था। छात्र और उसके दोस्तों को दौसा जिले के सलेमपुर थाने में बैठाया गया है। वहीं, हरमाड़ा थाने की पुलिस ने भी छात्र के परिजनों से संपर्क करके उन्हें मामले से अवगत कराया और बेटे को लेने के लिए जयपुर बुलाया है। उधर, बेटे के अपहरण की सूचना से परिवार में भय का माहौल उत्पन्न हो गया। इंस्पेक्टर अश्वनी पांडेय ने बताया कि छात्र के परिजन उसे लेने के लिए सोमवार की सुबह रवाना हो गए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 21:34 IST
Ayodhya News: खुद को किडनैप बता कर छात्र ने पिता से मंगवाए 90 हजार #AStudentFakedHisOwnKidnappingAndExtorted90 #000RupeesFromHisFather #SubahSamachar
