24 टन कोयला बेच डाला: ट्रक लेकर प्लांट नहीं पहुंचा ड्राइवर, अब तलाश रही जांच के लिए पुलिस

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक ट्रक चालक ने अमानत में खयानत की है। कोयला लेकर संयंत्र जाने निकले चालक ने 24.620 मीट्रिक टन कोयला कहीं और बेच दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। यह मामला घरघोड़ा थाना क्षेत्र का है। विवेक पाण्डेय ने घरघोड़ा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वह राजनाथ यादव के राज परिवहन में देखरेख का काम करता है। राज परिवहन कोयला परिवहन का कार्य करता है। जनवरी माह में विवेक के नाम पर जामपाली कोयला खदान में डी.ओ. संख्या 72728 आवंटित था। इसके तहत जामपाली खुली खदान से आर.एस. मेटा संयंत्र अकलतरा तक कोयला जाता था। 27 जनवरी को विवेक ने जामपाली खदान के प्रवेश द्वार पर डालाबॉडी ट्रक (क्र. सीजी-12 एस- 4455) खड़ा देखा। चालक ने अपना नाम लल्लन यादव निवासी झारखंड बताया। लल्लन यादव ने खुद को वाहन का मालिक बताते हुए मोबाइल संख्या दी। विवेक ने आर.एस. मेटा संयंत्र अकलतरा के लिए 700 रुपये प्रति टन भाड़ा तय किया। शाम लगभग 06 बजे 24.620 मीट्रिक टन जी-10 श्रेणी का कोयला ट्रक में लोड कराया गया। ई-वे बिल और भाड़ा देकर ट्रक को आर.एस. मेटा संयंत्र के लिए रवाना किया गया, जिसे 28 जनवरी को पहुंचना था। आर.एस. मेटा संयंत्र से फोन आया कि वाहन अभी तक उनके संयंत्र में नहीं पहुंचा है। विवेक ने लल्लन यादव की मोबाइल संख्या पर संपर्क किया, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। लगभग 10 दिन बाद लल्लन यादव ने फोन उठाया और कोयला कहीं और बेचने की बात कबूली। विवेक पाण्डेय ने बताया कि आरोपी लल्लन यादव ने लगभग 1 लाख 50 हजार रुपये के कोयले की धोखाधड़ी की है, जिस पर घरघोड़ा पुलिस ने धारा 318(4) और 316(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 09, 2026, 11:02 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




24 टन कोयला बेच डाला: ट्रक लेकर प्लांट नहीं पहुंचा ड्राइवर, अब तलाश रही जांच के लिए पुलिस #CityStates #Crime #Raigarh #Chhattisgarh #CgNewsToday #SubahSamachar