Haridwar News: ढाबे के पास खड़े ट्रक चालक को बुरी तरह पीटा, रिपोर्ट दर्ज
- बहादराबाद थाना क्षेत्र का मामला, घायल को एम्स किया था रेफर- दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी पुलिस ने दर्ज की प्राथमिकी, जांच शुरू बहादराबाद। थाना क्षेत्र में ढाबे के पास ट्रक रोककर खड़े चालक को बुरी तरह पीट दिया गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्वास्थ्य सामुदायिक केंद्र बहादराबाद में ले जाने पर उसे एम्स रेफर कर दिया गया। इलाज के बाद अब उसे डिस्चार्ज किया गया है। मामले में ट्रक चालक और दूसरे पक्ष की तरफ से भी तहरीर दी गई। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि धार्मिक संबंधी टिप्पणी करने के तथ्य जांच में सामने नहीं आए हैं। पुलिस के अनुसार, मो. फिरोज पुत्र कमरे आलम निवासी मंसूरपुर माफी संभल मुरादाबाद ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह पेशे से ट्रक चालक हैं। शनिवार को ट्रक लेकर बहादराबाद माल लोड करने आए थे। इसी दौरान उन्होंने अपनी गाड़ी एक ढाबे के पास खड़ी कर दी। ढाबे पर कुछ युवक शराब का सेवन कर रहे थे। फिरोज का आरोप है कि नशे की हालत में युवक उनके पास आए और नाम पूछने लगे। जैसे ही युवकों को उनकी पहचान के बारे में पता चला, उन्होंने मारपीट शुरू कर दी।आरोप है कि बेल्ट से उसे बेरहमी से पीटा गया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। उसे सरकारी अस्पताल भिजवाया गया जहां से उसकी हालत देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया। अब उसे छुट्टी दे दी गई। थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर आई है, जिसके आधार पर क्रॉस प्राथमिकी दर्ज कर ली गई। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक करते हुए जांच की जा रही है। ---------------------------वर्जनट्रक चालक और कुछ युवक ढाबे पर खाना खा रहे थे। गाड़ी खड़ी करने और पहिये पर लघुशंका करने को लेकर विवाद हुआ था। दोनों पक्षों से तहरीर मिली है। विधिक कार्रवाई की जा रही है। दोनों पक्षों के संपर्क में पुलिस है। प्रारंभिक जांच में धर्म विशेष को लेकर टिप्पणी करने की बात तस्दीक नहीं हुई है। दोनों पक्ष एक दूसरे को जानते भी नहीं थे। - नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी हरिद्वार
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 25, 2026, 15:08 IST
Haridwar News: ढाबे के पास खड़े ट्रक चालक को बुरी तरह पीटा, रिपोर्ट दर्ज #ATruckDriverStandingNearADhabaWasBeatenUpBadly #SubahSamachar
