Kangra News: 53 मील के पास पुल से नीचे गिरा गेहूं से लदा ट्रक, दो लोगों की मौत

कांगड़ा। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर 53 मील के पास सोमवार देर रात पंजाब से गेहूं लादकर पालमपुर स्थित एफसीए गोदाम जा रहा एक 16 टायरी अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरा। अनियंत्रित ट्रक के टकराने से पुल की रेलिंग के साथ ही नीचे श्मशानघाट के पास एक भवन भी क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ट्रक में सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चालक दुर्घटना के बाद मौके से भाग गया।मृतक मनु महाजन (39) पुत्र बृजमोहन महाजन और रणधीर लुंबा (51) पुत्र नरेश कुमार (वार्ड-4), दोनों नगरोटा बगवां के रहने वाले थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार दोनों मृतक पेशे से चालक थे और पंजाब से अपने घर लौटने के लिए ट्रक में लिफ्ट ली थी। पुल से गुजरते वक्त अचानक चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे यह हादसा हुआ। हादसे की सूचना सोमवार मध्यरात्रि के बाद लगभग 2:15 बजे डीडीएमए कांगड़ा द्वारा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) को दी गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। ट्रक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका था और दोनों शव मलबे में बुरी तरह फंसे हुए थे। एसडीआरएफ के जवानों ने अत्यंत कठिन परिस्थितियों में क्रोबार व अन्य आधुनिक बचाव उपकरणों की मदद से शवों को बाहर निकाला।डीएसपी मनोज धीमान ने बताया कि पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने दुर्घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और फरार ट्रक चालक की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश जारी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 28, 2026, 18:41 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Kangra News: 53 मील के पास पुल से नीचे गिरा गेहूं से लदा ट्रक, दो लोगों की मौत #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews #SubahSamachar