Noida: निर्माणाधीन सोसाइटी में 18वें तल से गिरी महिला श्रमिक की मौत, पुलिस ने शुरू की छानबीन

सेक्टर 43 स्थित एक निर्माणाधीन सोसाइटी में काम करते समय एक महिला मजदूर 18वीं मंजिल से गिर गई। इसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत नहीं मिली है। पश्चिम बंगाल की रहने वाली 28 वर्षीय सुखी सोरेन सोमवार को निर्माणाधीन साइट पर काम कर रही थी। इस दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह 18वीं मंजिल से नीचे गिर गईं। गिरने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। वहां मौजूद अन्य मजदूरों ने तुरंत घायल महिला को इलाज के लिए नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना सेक्टर 39 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसीपी प्रवीण सिंह का कहना है कि पुलिस अपने स्तर से मामले की जांच कर रही है। अभी परिजनों की तरफ से कोई शिकायत नहीं मिली है। वहां काम करने वाले लोगों का कहना है कि ऊंची इमारतों पर काम करते समय सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होने चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाएं न हों। महिला वर्तमान में सलारपुर में किराये का कमरा लेकर पति के साथ रह रही थी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 24, 2026, 04:16 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Noida: निर्माणाधीन सोसाइटी में 18वें तल से गिरी महिला श्रमिक की मौत, पुलिस ने शुरू की छानबीन #CityStates #DelhiNcr #Noida #WomanWorkerDied #SubahSamachar