छत्तीसगढ़: भिलाई में तेज रफ्तार कार का कहर, स्कूटी सवार अक्षिता की मौत; आयुष जिंदगी-मौत से जूझ रहा

दुर्ग के भिलाई नगर थाना क्षेत्र के फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग पर सेक्टर-5 में जेपी प्लांट के समीप सोमवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसा उस समय हुआ, जब गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार युवक-युवती को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक युवती की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही भिलाई नगर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस मर्ग कायम कर मामले की विवेचना में जुट गई है। भिलाई नगर थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा के अनुसार, स्कूटी और कार के बीच टक्कर हुई, जिसमें स्कूटी सवार एक युवती की मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतका की पहचान तालपुरी बी ब्लॉक निवासी अक्षिता अवचट के रूप में हुई है। वहीं, आयुष पचौरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों स्कूटी सवार गरबा आयोजन में शामिल होकर घर लौट रहे थे। वे फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग से तालपुरी स्थित अपने निवास की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जेपी प्लांट के पास गलत दिशा से आ रही कार (सीजी 07 सीएच 2321) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों काफी दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अक्षिता को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल आयुष पचौरी को उपचार के लिए हाईटेक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इस हादसे के बाद मृतका के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। महज एक सप्ताह पहले, 13 अक्तूबरको ही अक्षिता के दादा का निधन हुआ था और आगामी 25 अक्टूबर को उनकी तेरहवीं का कार्यक्रम निर्धारित था। परिवार अभी इस शोक से उबर भी नहीं पाया था कि घर की लाडली बेटी की असमय मौत ने परिजनों को गहरे सदमे में डाल दिया। ये भी पढ़ें-रायपुर में विजयादशमी पर गजब की परंपरा: रावण के सामने थम जाती हैं ट्रेनों की रफ्तार, यात्री भी देखते हैं मेला बता दें कि अक्षिता के पिता गजानन अवचट रेलवे में लोको पायलट के पद पर कार्यरत हैं। वे मूल रूप से भिलाई-3 में जैन मंदिर के पास रहते हैं। दादा के निधन के कारण पूरा परिवार भिलाई-3 स्थित मकान में रह रहा था और 18 अक्टूबर को ही तालपुरी वापस लौटा था। गजानन अवचट की दो बेटियों में अक्षिता छोटी थी। फिलहाल, भिलाई नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर कार जब्त कर ली है और मामले में वैधानिक कार्रवाई कर रही है। सड़क हादसे में लोको पायलट की बेटी की हुई मौत।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 20, 2026, 12:17 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




छत्तीसगढ़: भिलाई में तेज रफ्तार कार का कहर, स्कूटी सवार अक्षिता की मौत; आयुष जिंदगी-मौत से जूझ रहा #CityStates #Crime #Chhattisgarh #Durg-bhilai #SubahSamachar