GPM: देर रात वकील के घर में किसी ने पेट्रोल डालकर लगाई आग, पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले

गौरेला नगर के मंगली बाजार क्षेत्र में बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां अज्ञात व्यक्ति ने एक वकील के घर के मुख्य दरवाजे पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। पूरा मामला गौरेला थाना क्षेत्र के मंगली बाजार निवासी वकील आशुतोष मिश्रा के घर पर हुआ, जहां पर देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल छिड़ककर दरवाजे में आग लगा दी। आग की लपटें उठती देख घर के भीतर मौजूद लोगों को घटना की भनक लगी। उन्होंने तत्काल शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और सभी की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। सामूहिक प्रयास से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। बताया जा रहा है कि यदि आग दरवाजे से अंदर कमरे तक पहुंच जाती तो बड़ा नुकसान हो सकता था। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा पेट्रोल डालकर आग लगाने की पूरी घटना कैद हो गई है। पीड़ित की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में आक्रोश और भय का माहौल है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 04, 2026, 13:30 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




GPM: देर रात वकील के घर में किसी ने पेट्रोल डालकर लगाई आग, पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी फुटेज खंगाले #CityStates #Gorella-pendra-marwahi #Aagjani #SubahSamachar