Delhi NCR News: ईडी रेड को लेकर आप का बड़ा आरोप, राघव चड्ढा पर साधा निशाना
अमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने पंजाब से राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल के घर पर हुई प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी को लेकर बड़ा आरोप लगाया है। पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने दावा किया कि इस कार्रवाई के पीछे पार्टी के ही वरिष्ठ नेता राघव चड्ढा का हाथ है। अनुराग ढांडा ने राजनीतिक गलियारों में चर्चा का हवाला देते हुए कहा कि राघव चड्ढा ने हाल ही में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की थी, जिसमें अशोक मित्तल के यहां ईडी की छापेमारी कराने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि यह घटनाक्रम संयोग नहीं है, क्योंकि पहले राघव चड्ढा को राज्यसभा उपनेता पद से हटाया गया, फिर अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी दी गई और उसके कुछ ही समय बाद उनके यहां छापेमारी हो गई।ढांडा ने केंद्र सरकार की ओर से राघव चड्ढा को दी गई जेड प्लस सुरक्षा पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ईडी रेड और सुरक्षा दिए जाने की टाइमिंग कई सवाल खड़े करती है और इसे एक प्रयोग बताया। वहीं बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने भी भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि यह कार्रवाई पंजाब में चुनावी अभियान की शुरुआत का संकेत है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष शासित राज्यों में पहले केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल करती है और फिर चुनावी अभियान शुरू करती है। संजीव झा ने कहा कि राघव चड्ढा खुद भी पहले ईडी की कार्रवाई का सामना कर चुके हैं, लेकिन अब उनके रुख को लेकर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि कुछ सूत्रों ने पहले ही भाजपा नेताओं के साथ चड्ढा की बैठक की जानकारी दी थी, जिसकी पुष्टि अब घटनाक्रम से होती नजर आ रही है। पार्टी ने साफ किया कि वह इन आरोपों से पीछे नहीं हटेगी और किसी भी दबाव में नहीं आएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 15, 2026, 18:27 IST
Delhi NCR News: ईडी रेड को लेकर आप का बड़ा आरोप, राघव चड्ढा पर साधा निशाना #AAP'sBigAllegationRegardingEDRaid #TargetsRaghavChadha #SubahSamachar
