आतंक के साए से निकली नई सुबह: बीजापुर में 21 साल बाद खुले 11 स्कूल, 539 बच्चों को मिला शिक्षा का अधिकार

माओवादी आतंक से वीरान पड़े पीडिया क्षेत्र में 21 वर्षों बाद स्कूलों की घंटियां फिर से गूंजी हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कलेक्टर विश्वदीप की पहल पर 11 स्कूलों का संचालन दोबारा शुरू हुआ है। इससे 11 गांवों के 539 बच्चों को अपने ही गांव में शिक्षा का अधिकार मिला है। यह स्कूलों का पुनः खुलना भय से विश्वास और अंधकार से ज्ञान की ओर बढ़ते बस्तर की नई पहचान है। पीडिया में आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा ने दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। उन्होंने शिक्षादूतों को सामग्री और बच्चों को स्कूल बैग वितरित कर उनका स्वागत किया। जनपद अध्यक्ष सोनू पोटाम और जनपद उपाध्यक्ष दिनेश पुजारी सहित ग्रामीण मौजूद रहे। अतिथियों ने बच्चों का तिलक लगाकर और लड्डू खिलाकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। जानकी कोरसा ने कहा कि शिक्षा विकास की मजबूत नींव है। सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और अभिभावकों को बच्चों को नियमित विद्यालय भेजना चाहिए। विद्यालयों में भवन, पेयजल और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएंगी। 21 साल बाद लौटी शिक्षा सलवा जुडूम के दौरान माओवादी हिंसा के कारण पीडिया क्षेत्र के कई स्कूल बंद हो गए थे। उनके भवन भी ध्वस्त कर दिए गए थे। अब पीडिया, पेदापाल, छोटेगोटोडी, कुएम, मदपाल, अंडरी, इडेनार, डोंडीतुमनार, मिरगानघोटूल, गमपुर और तमोड़ी गांवों में विद्यालय फिर से शुरू हुए हैं। इन गांवों के बच्चों को अब शिक्षा के लिए दूरस्थ क्षेत्रों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जिले में 37 स्कूलों का पुनः संचालन जिला शिक्षा अधिकारी राजेश पांडे ने बताया कि कलेक्टर विश्वदीप की पहल पर बंद स्कूलों को पुनः संचालित करने का अभियान जारी है। इस वर्ष अब तक 20 प्राथमिक और 17 उच्च प्राथमिक, कुल 37 स्कूलों का संचालन दोबारा शुरू हो चुका है। कलेक्टर विश्वदीप ने कहा कि 21 वर्षों से बंद विद्यालयों को माओवाद से मुक्ति के बाद संचालित किया गया है। प्रत्येक गांव तक शिक्षा पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 01, 2026, 18:37 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




आतंक के साए से निकली नई सुबह: बीजापुर में 21 साल बाद खुले 11 स्कूल, 539 बच्चों को मिला शिक्षा का अधिकार #CityStates #Bijapur #BijapurNews #Chhattisgarh #CgNewsTodayHindi #SubahSamachar