Rajasthan ACB Raid: मंत्री किरोड़ीलाल के छापेमारों पर ही पड़ गए एसीबी के छापे, अब घरों से मिली अकूत संपत्ति

राजस्थान में कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीना की खाद-बीज कंपनियों पर की जा रहीसर्जिकल स्ट्राइक पर गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लग गए हैं। मंत्री की छापेमारी टीम में शामिल अफसर अब एंटी करप्शन ब्यूरो(ACB) के शिकंजे में आ गए हैं।ACBने राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी कर अब तक 2.44 करोड़ रुपये की नकदी बरामद की है। एसीबी की प्रारंभिक जांच के अनुसार, गजराज ब्रांड के मूंगफली बीजों के खिलाफ की गई कार्रवाई को कमजोर करने और जब्त बीजों को वापस भेजने के एवज में करोड़ों रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। जांच एजेंसी को सूचना मिली थी कि बड़ी रकम एक रिश्तेदार के माध्यम से श्रीगंगानगर भेजी जा रही है। इसके बाद लूणकरणसर में एक बस की तलाशी के दौरान आरोपी को लाखों रुपये की नकदी के साथ पकड़ा गया। इसके बाद की गई तलाशी में निदेशक के ठिकाने से भी भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई। एसीबी ने बीज निगम के निदेशक, संबंधित कंपनी संचालक और अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच में यह भी सामने आया है कि प्रयोगशाला स्तर पर सैंपल पास करवाने और बीजों की बिक्री बहाल कराने के लिए कथित रूप से कई स्तरों पर सांठगांठ की गई थी। एसीबी का कहना है कि मामले की जांच जारी है और बरामद दस्तावेजों, नकदी तथा आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पूरे नेटवर्क की परतें खोली जा रही हैं। जांच एजेंसी इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि कथित रिश्वतखोरी और उगाही का यह मामला किन-किन स्तरों तक जुड़ा हुआ है। प्रदेश में नकली खाद और बीज के खिलाफ कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान अब तक 107 एफआईआर दर्ज की गईं, 765 शो-कॉज नोटिस जारी हुए, 169 लाइसेंस निलंबित और 46 लाइसेंस रद्द किए गए। किशनगढ़ और अजमेर में 13 फर्मों के लाइसेंस भी निरस्त किए गए । अब इसी अभियान से जुड़े बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई पर ACB की कार्रवाई ने पूरे मामले को नया राजनीतिक और प्रशासनिक मोड़ दे दिया है। विपक्ष ने सरकार को घेरा एसीबी की कार्रवाई के बाद नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जूली ने कहा कि "सरकार पहले बीज कंपनियों पर जांच के नाम पर छापे मारती है और फिर अपने लोग भेजकर उनसे करोड़ों रुपये की वसूली करती है। भाजपा सरकार इसे ही 'जीरो टॉलरेंस' बताती है।" उन्होंने कहा कि राजस्थान राज्य बीज निगम के निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई और उनके रिश्तेदार की 2.43 करोड़ रुपये की कथित रिश्वत मामले में गिरफ्तारी ने पूरे अभियान पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जूली ने दावा किया कि ये वही लोग हैं जो बीज कंपनियों के खिलाफ की गई कार्रवाई के दौरान मौजूद थे। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से जवाब मांगते हुए कहा कि "सरकार की छापेमारी भ्रष्टाचार रोकने के लिए हो रही थी या फिर उगाही के लिए मुख्यमंत्री को बताना चाहिए कि भ्रष्टाचार और वसूली की यह पूरी श्रृंखला आखिर कहां तक जुड़ी हुई है।"

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 08, 2026, 07:51 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Rajasthan ACB Raid: मंत्री किरोड़ीलाल के छापेमारों पर ही पड़ गए एसीबी के छापे, अब घरों से मिली अकूत संपत्ति #CityStates #Jaipur #Rajasthan #RajasthanAcbRaid #JugalKishoreBishnoi #RajasthanStateSeedsCorporation #FakeSeedScamRajasthan #KiroriLalMeena #SubahSamachar