Almora Road Accident: खराब सड़क के कारण हादसा, बस को पास देने के दौरान पिकअप खाई में गिरा; पांच घायल
पहाड़ों में जर्जर सड़कों का खामियाजा एक बार फिर लोगों को भुगतना पड़ा। जिले के सल्ट क्षेत्र में शुक्रवार को डोटियाल-सराईखेत मार्ग पर एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि दो अन्य को हल्की चोटें आई हैं। जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन डोटियाल से सराईखेत की ओर जा रहा था। डोटियाल से करीब एक किलोमीटर आगे सड़क काफी खराब स्थिति में है। इसी दौरान सामने से आ रही बस को पास देने के प्रयास में चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन लगभग 50 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। वाहन में कुल सात लोग सवार थे।हादसे के समय दो लोग वाहन से छिटककर बाहर गिर गए, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। वहीं पिकअप के अंदर फंसे पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को खाई से बाहर निकालकर देवायल सल्ट प्राथमिक उपचार के लिए पहुंचाया। गंभीर घायलों में चालक साकम सिंह (35) निवासी सराईखेत, राजेंद्र सिंह (36) निवासी केलाखेड़ा ऊधमसिंहनगर, सुभाष (19) निवासी नेपाल, चंद्रसेन सैनी (41) निवासी बिजनौर और विजेंद्र सिंह (36) निवासी बिजनौर शामिल हैं। देवायल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को हायर सेंटर रामनगर चिकित्सालय रेफर कर दिया है। बदहाल सड़क की मरम्मत न होने पर ग्रामीणों ने दी चेतावनी ग्रामीण सुंदर सिंह, मोहन बिष्ट, दयाल सिंह, दिनेश राम, गोविंद सिंह आदि का कहना है कि डोटियाल के पास सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क संकरी होने के साथ ही जगह-जगह गड्ढे हैं, जिससे पहले भी वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो चुके हैं। कई बार मरम्मत की मांग उठाई जा चुकी है। बावजूद इसके समस्या जस की तस बनी हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है और लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से रेस्क्यू कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।- चंद्रशेखर घोडके, एसएसपी अल्मोड़ा
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 20, 2026, 16:39 IST
Almora Road Accident: खराब सड़क के कारण हादसा, बस को पास देने के दौरान पिकअप खाई में गिरा; पांच घायल #CityStates #Almora #UttarakhandNews #UkNews #AlmoraNews #AlmoraRoadAccident #SaltAreaAccident #Dotiyaal-saraikhetRoad #PickupFallsIntoGorge #FiveSeriouslyInjured #PoorRoadCondition #RoadRepairDemand #SubahSamachar
