Bageshwar: होटल एसोसिएशन अध्यक्ष से रंगदारी मांगने का आरोप, एफआईआर दर्ज
बागेश्वर मेंजिला मुख्यालय के होटल कारोबारी और एसोसिएशन के अध्यक्ष से ढाई लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित कारोबारी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरटीआई कार्यकर्ता गोपाल वनवासी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। होटल कारोबारी विक्रम सिंह दानू ने 16 मार्च को कोतवाली में तहरीर दी। बताया कि गरुड़ के रीठा निवासी गोपाल राम उर्फ गोपाल वनवासी उनसे रंगदारी मांग रहा है और पिछले कुछ समय से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है। वह सोशल मीडिया पर उनके होटल के खिलाफ भ्रामक और मानहानिकारक पोस्ट डाल रहा है। उन्हें फोन कर धमकी दी जा रही है कि यदि मोटी रकम नहीं दी गई तो होटल को अवैध बताकर कोर्ट में याचिका दायर करेगा और भवन को बुलडोजर से ध्वस्त करवा देगा। बताया कि विगत सोमवार को जिला न्यायालय मार्ग स्थित एक मंदिर के पास हुई मुलाकात के दौरान आरोपी ने मामले को रफा-दफा करने के लिए पहले पांच लाख रुपये की मांग की जो बाद में ढाई लाख रुपये पर आकर रुकी। वादी का दावा है कि उनके पास इस पूरी बातचीत की ऑडियो और वीडियो रिकॉर्डिंग उपलब्ध है। प्रभारी कोतवाल मनोहर चंद ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ जबरन वसूली की धारा 308 (2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पहले भी 40 हजार वसूलने का आरोप तहरीर में होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दानू ने बताया कि गोपाल वनवासी उन्हें पिछले काफी समय से डरा-धमका रहा था। अनावश्यक विवाद और बदनामी से बचने के लिए उन्होंने पूर्व में आरोपी को 40 हजार रुपये की धनराशि दे दी थी। पीड़ित का आरोप है कि एक बार रकम हाथ लगने के बाद आरोपी के हौसले और बुलंद हो गए और उसने दबाव बनाकर अब लाखों रुपये की रंगदारी मांगनी शुरू कर दी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 18, 2026, 08:56 IST
Bageshwar: होटल एसोसिएशन अध्यक्ष से रंगदारी मांगने का आरोप, एफआईआर दर्ज #CityStates #UdhamSinghNagar #UttarakhandNews #UkNews #BageshwarNews #BageshwarExtortionCase #HotelOwnerRansomDemand #SubahSamachar
