Kushinagar News: बॉर्डर पर प्रशासन सख्त, ग्रामीण रास्तों से आ रहे बालू लदे ट्रक
सलेमगढ़। बिहार से यूपी में लाल बालू की तस्करी रोकने के लिए प्रशासन ने सीमा क्षेत्रों में सख्ती बढ़ा दी है। एनएच-28 के साथ बिहार से यूपी में प्रवेश करने वाले ग्रामीण मार्गों पर भी बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात और भोर में बालू ओवरलोड ट्रक गांवों के रास्ते गुजर रहे हैं।बताया जाता है कि बिहार के सोनपुर क्षेत्र स्थित गंगा घाटों से लंबे समय से लाल बालू उत्तर प्रदेश में लाई जा रही है। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान होने की शिकायतें मिल रही थीं। करीब तीन सप्ताह पहले बहादुरपुर सीमा पर प्रशासन ने विशेष अभियान चलाकर जांच की थी। राजस्व शुल्क चोरी के आरोप में करीब आठ ट्रकों को पकड़ा गया था। हाईवे पर निगरानी बढ़ने के बाद बालू लदे ट्रकों ने ग्रामीण मार्गों का रुख कर लिया। इसकी जानकारी मिलने पर प्रशासन ने तरयासुजान और तमकुहीराज पुलिस को सीमा से सटे गांवों में जांच के निर्देश दिए। इसके तहत तिनफेड़िया, तरयालच्छीराम, रामपुर बंगरा, लोकनहा, अहिरौलीदान, खुदुरा और सरेया बुजुर्ग समेत कई संपर्क मार्गों पर बैरिकेड लगाकर वाहनों की जांच की जा रही है। हफुआ गांव के लोगों का कहना है कि रात और तड़के बालू लदे ट्रक गांव के रास्तों से गुजरते हैं। ओवरलोड वाहनों के लगातार आवागमन से सड़कों में दरारें पड़ने लगी हैं और कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। सीओ जयंत यादव ने बताया कि बिहार से उत्तर प्रदेश में केवल उन्हीं बालू लदे ट्रकों को प्रवेश की अनुमति दी जा रही है, जिनके पास सभी आवश्यक और वैध दस्तावेज उपलब्ध हैं। प्रशासन की ओर से लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 11, 2026, 02:48 IST
Kushinagar News: बॉर्डर पर प्रशासन सख्त, ग्रामीण रास्तों से आ रहे बालू लदे ट्रक #KushinagarNews #SubahSamachar
