Delhi NCR News: विवाद के बाद दोस्तों ने युवक की चाकू से ले ली जान, सोशल मीडिया पर वीडियो में कबूल किया गुनाह
-शालीमार बाग इलाके की घटना, मृतक का एक आरोपी के साथ होता था झगड़ा, हमलावर खुद घर से बुलाकर साथ ले गए थे-आरोपी ने नाबालिग और एक अन्य दोस्त के साथ वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे से पहचान कर तीनों आरोपियों को दबोचा अमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली।शालीमार बाग इलाके में बृहस्पतिवार की रात दोस्तों ने आपसी विवाद में एक युवक को चाकू मारकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं एक आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डाल दिया और हत्या की बात भी कबूल की। मृतक की शिनाख्त 20 साल के निक्की उर्फ नितेश के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके परिवार वालों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद वारदात में शामिल नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पकड़ लिया। शुरुआती जांच में पता चला कि इनके बीच पहले भी झगड़ा हुआ था। उत्तर पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात पुलिस को हैदरपुर नहर के पास एक युवक को चाकू मारे जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि पीसीआर वैन कर्मी घायल युवक को अंबेडकर अस्पताल ले गए हैं। जहां पहुंचने पर पता चला कि डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित किया है। छानबीन में पुलिस ने पाया कि युवक के शरीर पर चाकू के कई घाव थे। पुलिस ने उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक निक्की उर्फ नितेश के परिवार में पिता अरविंद दास, मां और दो बड़े भाई हैं। नितेश घर का सबसे छोटा था। परिवार वालों ने बताया कि रात में उसके दोस्त उसे बुलाकर अपने साथ ले गए थे। पुलिस ने आस पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। वीडियो फुटेज के जरिये पुलिस ने आरोपियों की पहचान करने के बाद एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार दो बालिग आरोपियों की पहचान 18 साल के करण उर्फ तरुण और मोंटी के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल किया। हत्या करने के बाद वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर डाला : निक्की की हत्या के बाद एक आरोपी मोंटी ने वीडियो बनाकर उसे इंस्टाग्राम पर डाल दिया। जिसमें वह हत्या करने की बात कबूल कर रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसमें आरोपी कहते हुए सुना जा रहा कि रात के साढ़े ग्यारह बज रहे हैं, एक हत्या कर दी है। तुम्हारा भाई कुछ दिन के लिए अंदर जा रहा है। सारा भाई प्यार देना। उसने कहा कि अब तिहाड़ में मुलाकात होगी। साथ ही कहा कि भाइयों के लिए वह कुछ भी कर सकता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 03, 2026, 19:57 IST
Delhi NCR News: विवाद के बाद दोस्तों ने युवक की चाकू से ले ली जान, सोशल मीडिया पर वीडियो में कबूल किया गुनाह #AfterADispute #FriendsStabbedAYoungManToDeath #ConfessingToTheCrimeInAVideoPostedOnSocialMedia. #SubahSamachar
