Agra: विकास या विनाश? पहली ही बारिश में धंस गईं सड़कें!
पहली ही बारिश और विकास के दावों की पोल खुल गई! मुख्यमंत्री के नाम पर करोड़ों की लागत से शुरू की गई 'सीएम ग्रिड योजना' का सच एक ही बरसात में सामने आ गया है। जहाँ चमचमाती सड़कें बननी थीं, वहाँ आज गाड़ियाँ ताश के पत्तों की तरह पलट रही हैं। मामला बसई मंडी से इंद्रापुरम और अमर होटल मार्ग का है। यहाँ सीएम ग्रिड योजना के तहत नगर निगम ने यूटिलिटी डक्ट और सीवर लाइन बिछाने के बाद सिर्फ मिट्टी-गिट्टी डालकर काम छोड़ दिया था। नतीजा सोमवार रात की बारिश के बाद यह पूरी सड़क दलदल में तब्दील हो गई। दो फीट तक भरे पानी के कारण गड्ढों का अंदाजा नहीं लगा और एक के बाद एक 12 कारें और वैन इन ३ से ४ फीट गहरे गड्ढों में समाकर पलट गईं। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों ने सूझबूझ से घायलों को समय रहते बाहर निकाल लिया। बात यहीं खत्म नहीं होती। ताजमहल के पास पुरानी मंडी से शाहजहां पार्क के बीच नमामि गंगे योजना के तहत बिछाई गई सीवर लाइन भी धंस गई। यहाँ सड़क पर 15 फीट चौड़े और 8 फीट तक गहरे गड्ढे हो गए हैं, जिससे यातायात को रोकना पड़ा। उधर, आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-4 में सीवर लीकेज के कारण पूरी की पूरी ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जमीन में समा गई। इस हादसे में पीएनजी और पानी की 18 इंच मुख्य पाइपलाइन फट गई, जिससे पूरे इलाके में पानी का हाहाकार मच गया है। अब सवाल यह उठता है कि मानसून की पहली ही दस्तक में जब करोड़ों के प्रोजेक्ट्स का यह हाल है, तो आगे क्या होगा क्या जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई होगी या जनता यूं ही अपनी जान जोखिम में डालती रहेगी
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 03, 2026, 08:05 IST
Agra: विकास या विनाश? पहली ही बारिश में धंस गईं सड़कें! #ShortVideos #Agra #SubahSamachar
