Dehradun News: बिग बास्केट के सहयोग से खुलेंगे कृषि संग्रहण केंद्र

-प्रदेश के कृषि उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए सेतु आयोग की पहल-पहले चरण में टिहरी व नैनीताल जिले में स्थापित किए जाएंगे संग्रहण केंद्रअमर उजाला ब्यूरोदेहरादून। उत्तराखंड में कृषि उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए बिग बास्केट के सहयोग से कृषि संग्रहण केंद्र खोले जाएंगे। सेतु आयोग की पहल पर कृषि विभाग व बिग बास्केट के बीच अंतिम चरण की वार्ता चल रही है। कृषि संग्रहण केंद्र से सीधे किसानों से उत्पाद खरीद कर बाजार में पहुंचाया जाएगा। सेतु आयोग के उपाध्यक्ष राज शेखर जोशी ने बताया कि यह पहल किसानों की आय में वृद्धि, बेहतर बाजार उपलब्धता और राज्य की कृषि में प्रतिष्ठित खरीदारों व बेहतर प्रथाओं को लाने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सेतु आयोग की ओर से कृषि विभाग व उत्तराखंड औद्यानिक परिषद के साथ मिलकर इस कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन के लिए समन्वय, सुविधा व अनुश्रवण का कार्य करेगा। सेतु आयोग ने अब तक प्रदेश में 100 से ऊपर किसान उत्पादक संगठन से सीधे संवाद किया है और चुनौतियों का संज्ञान लिया है।इस पहल का प्रथम चरण मार्च व अप्रैल 2026 में प्रारंभ होने की संभावना है। पहले टिहरी व नैनीताल जिले में संग्रहण केंद्र स्थापित किए जाएंगे। आगे इसे अन्य जिलों में भी विस्तारित किया जाएगा। यह केंद्र हिमालयी क्षेत्र में उत्पादित उच्च मांग वाले कृषि उत्पादों जैसे फल व सब्जियों की आपूर्ति को व्यवस्थित कर उन्हें दिल्ली व समीपवर्ती महानगरों समेत देश के अन्य बाजारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इन केंद्रों की परिकल्पना किसानों के साथ प्रत्यक्ष खरीद व्यवस्था, कृषि परामर्श सहयोग तथा पारदर्शी एवं लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है। खरीदे गए उत्पादों का भुगतान समयबद्ध रूप से सीधे किसानों के बैंक खातों में स्थानांतरित किया जाएगा, जिससे दक्षता, पारदर्शिता और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिलेगा। प्रारंभिक चरण के सफल क्रियान्वयन व प्रगति के आधार पर इस पहल का विस्तार देहरादून, चंपावत व राज्य के अन्य उपयुक्त कृषि कलस्टरों में भी किया जा सकता है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 17, 2026, 16:33 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Dehradun News: बिग बास्केट के सहयोग से खुलेंगे कृषि संग्रहण केंद्र #AgriculturalCollectionCentersWillBeOpenedInCollaborationWithBigBasket #SubahSamachar