Gonda News: जेल में बंदी से मिलने पहुंचे दंपती को दौड़ाने का आरोप
झंझरी (गोंडा)। जिला कारागार में निरुद्ध एक बंदी से मुलाकात करने पहुंचे दंपती के साथ गाली-गलौज, मारपीट के लिए दौड़ाने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। नगर कोतवाली पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।तरबगंज थाना क्षेत्र के गिरधरपुर पूरे नागनाथ निवासी देव नारायण ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह 24 जून की सुबह करीब नौ बजे पत्नी राजरानी के साथ जिला कारागार में बंद अखिलेश कुमार से मिलने पहुंचे थे। मुलाकात की पर्ची जमा करने के बाद दोनों अपनी बारी का इंतजार कर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गांव के देवी प्रसाद, सत्य नारायण और मनोज वहां पहुंच गए। तीनों ने अखिलेश कुमार से मुलाकात करने पर आपत्ति जताते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी।पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें मारने के लिए दौड़ा लिया। इस दौरान उनकी पत्नी ने डायल-112 पर सूचना दी। पुलिस के पहुंचने की जानकारी मिलते ही आरोपी मौके से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने घर लौटने पर जान से मारने की धमकी भी दी।नगर कोतवाल विंदेश्वरीमणि त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 16:58 IST
Gonda News: जेल में बंदी से मिलने पहुंचे दंपती को दौड़ाने का आरोप #AllegationOfChasingAwayACoupleWhoArrivedToMeetAnInmateInJail. #SubahSamachar
