इलाज के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी बीड़ा उठा रहे हैं डॉ. अजय जैन
संवाद न्यूज एजेंसीबहादुरगढ़। शहर के मिशन अस्पताल के संचालक डॉ. अजय जैन इन दिनों केवल इलाज तक ही सीमित नहीं हैं। वे शहर में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जनजागरूकता अभियान चलाकर समाज को नई दिशा दे रहे हैं। पौधरोपण से लेकर स्टील के बर्तनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने तक उनके प्रयास अब शहर में एक सकारात्मक बदलाव की मिसाल बन रहे हैं। डॉ. अजय जैन पर्यावरण संरक्षण की दिशा में शहर की अग्रणी संस्था क्लीन एंड ग्रीन ट्रस्ट से जुड़े हैं। संस्था के माध्यम से वे पौधरोपण के साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण पर विशेष जोर देते हैं। सिंगल यूज प्लास्टिक पर रोक लगाने के लिए भी उन्होंने अनूठी पहल की है। इस वर्ष निर्जला एकादशी के अवसर पर उन्होंने अपने स्तर पर करीब दो हजार स्टील के गिलास उपलब्ध कराए। इन गिलासों का उपयोग शहर में आयोजित 40 से 50 छबीलों में कराया गया, जिससे हजारों प्लास्टिक के डिस्पोजेबल गिलासों का उपयोग होने से बच गया। उनका उद्देश्य धार्मिक और सामाजिक आयोजनों को भी पर्यावरण के अनुकूल बनाना है। वे लोगों से अपील करते हैं कि छबील, भंडारों और अन्य कार्यक्रमों में प्लास्टिक के गिलास, कप, प्लेट और चम्मच के बजाय स्टील के बर्तनों का ही प्रयोग करें।डॉ. अजय जैन बताते हैं कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनकी यात्रा वर्ष 2015 में गांव परनाला से शुरू हुई। इसी वर्ष डेंगू के बढ़ते खतरे को देखते हुए उन्होंने लाइनपार क्षेत्र में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। डॉ. अजय जैन का मानना है कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी ने बताया कि डॉ. अजय जैन डॉक्टरी पेश से अलग पर्यावरण संरक्षण और जल संरक्षण की दिशा में बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्हीं के प्रयास से शहर में कई स्थानों पर क्लीन एंड ग्रीन ट्रस्ट से 20 हजार से ज्यादा पौधे लगाए हैं और उनका संरक्षण भी किया है। सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर भी इस बार अच्छा काम किया गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 30, 2026, 18:12 IST
इलाज के साथ पर्यावरण संरक्षण का भी बीड़ा उठा रहे हैं डॉ. अजय जैन #AlongWithProvidingMedicalTreatment #Dr.AjayJainIsAlsoTakingUpTheCauseOfEnvironmentalConservation. #SubahSamachar
