Amroha: डुबकी एक, पुण्य अनेक! गंगा दशहरा पर आस्था का महासैलाब
ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर सोमवार अमरोहा जिले में आस्था का महासैलाब उमड़ पड़ा। ब्रजघाट और तिगरी धाम समेत विभिन्न गंगा घाटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई। सूरज की पहली किरण के साथ ही हर-हर गंगे और गंगा मैया के जयघोष गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने पतित पावनी गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने घाटों पर पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए। सुबह शुरू हुआ स्नान का सिलसिला जारी रहा। गंगा स्नान के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से श्रद्धालुओं के ट्रैक्टर-ट्रॉली, कारें और अन्य वाहन लगातार घाटों की ओर बढ़ते रहे। तिगरी और ब्रजघाट मार्ग पर दिनभर वाहनों का दबाव बना रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दिया। जगह-जगह पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई जबकि ब्रजघाट गंगा पुल पर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही ताकि कहीं भी जाम की स्थिति पैदा न हो। तिगरी निवासी पंडित गंगाशरण शर्मा ने बताया कि ज्येष्ठ दशहरा पर गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन गंगा में स्नान करने से गंगा मैया का आशीर्वाद बना रहता है और व्यक्ति को पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी आस्था के चलते सोमवार को ब्रजघाट और तिगरी में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान के बाद परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। ज्येष्ठ गंगा दशहरा पर्व को देखते हुए अमरोहा प्रशासन ने पहले से ही व्यापक यातायात और सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी थी। रविवार शाम आठ बजे से जिले में विशेष रूट डायवर्जन प्लान प्रभावी कर दिया गया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 25, 2026, 07:56 IST
Amroha: डुबकी एक, पुण्य अनेक! गंगा दशहरा पर आस्था का महासैलाब #ShortVideos #UttarPradesh #GangaDussehra #JyeshthaGangaDussehra #Brajghat #TigriDham #GangaSnan #DevoteesCrowd #TrafficDiversion #PoliceSecurity #GangaFestival #UttarPradeshNews #SubahSamachar
