Ghaziabad: 80 वर्षीय बुजुर्ग ने सो रही अपनी पत्नी की धारदार हथियार से की हत्या, संदेह से उपजे विवाद में ली जान
रावली कलां गांव में शनिवार तड़के 80 वर्षीय बुजुर्ग ने सो रही 72 वर्षीय अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी आला कत्ल लेकर पुलिस चौकी पहुंचा और कहा कि मुझे गिरफ्तार कर लो। मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।एसीपी भास्कर वर्मा ने बताया कि बुजुर्ग दंपती के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी अपनी पत्नी पर शक करता था। बेटी की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस के अनुसार, रावली कलां गांव निवासी प्रवीण कुमार मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। परिवार में पत्नी कंचन और बेटे कुणाल व अजय हैं। करीब छह साल पहले कंचन के माता-पिता हरपाल सिंह (80) और उर्मिला देवी (72) भी मोरटा गांव से आकर रहने लगे थे। बताया गया कि बुजुर्ग दंपती के बीच वर्षों से विवाद चल रहा था। किसी न किसी बात आए दिन झगड़ा होता था। दो दिन पहले प्रवीण पत्नी के साथ शादी में मेरठ के मवाना गए थे। घर पर दोनों बच्चे और सास-ससुर थे। शुक्रवार रात हरपाल और उर्मिला बरामदे में चारपाई पर सो रहे थे। कुणाल और अजय अपने कमरे में थे। तड़के पुलिस घर पहुंची तो बच्चों की आंख खुली। घर के बरामदे में उर्मिला देवी को लहूलुहान देखकर बच्चे चौंक गए। उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, 35 वर्षीय बेटे कपिल की पांच साल पहले हुई मौत के बाद हरपाल का मानसिक संतुलन धीरे-धीरे बिगड़ने लगा। बीते लगभग तीन वर्षों से स्थिति और ज्यादा खराब हो गई थी। वह पत्नी उर्मिला पर बात-बात पर शक करते थे और उनके बीच आए दिन झगड़ा होता था।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 17, 2026, 00:51 IST
Ghaziabad: 80 वर्षीय बुजुर्ग ने सो रही अपनी पत्नी की धारदार हथियार से की हत्या, संदेह से उपजे विवाद में ली जान #CityStates #DelhiNcr #Ghaziabad #Murder #SubahSamachar
