UP: मां की आंखों का तारा था अंकित, तेज रफ्तार कार ने एक झटके में छीन ली जिंदगी; गांव की आंखें हुईं नम
UP News:बलिया के फेफना थाना क्षेत्र के रसड़ा-बलिया मार्ग पर स्थित एकौनी गांव के सामने बृहस्पतिवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 10 वर्षीय बालक अंकित कुमार की मौत हो गई। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी झोपड़ी में जा घुसी, जिसकी चपेट में आने से मासूम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। जानकारी के अनुसार रसड़ा की ओर से बलिया जा रही एक कार एकौनी गांव के समीप अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके बाद कार सड़क किनारे स्थित एक झोपड़ी से जा टकराई। हादसे के समय झोपड़ी में मौजूद अंकित कुमार (10) पुत्र भोला तुरहा गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और कार चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर फेफना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने बालक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि दुर्घटनाग्रस्त कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 11, 2026, 17:00 IST
UP: मां की आंखों का तारा था अंकित, तेज रफ्तार कार ने एक झटके में छीन ली जिंदगी; गांव की आंखें हुईं नम #CityStates #Varanasi #Ballia #BalliaPolice #BalliaNews #LatestNews #BigNews #TodayNews #UpNews #HindiNews #SubahSamachar
