बरेली: पूर्व ब्लॉक प्रमुख के सौतेले भाई के घर चल रही थी हेरोइन बनाने की फैक्टरी, पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार
बरेली जिले के रामनगर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख श्रीपाल लोधी के सौतेले भाई रामभरोसे के घर में मार्फीन से हेरोइन बनाने की फैक्टरी संचालित हो रही थी। बृहस्पतिवार रात एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की टीम ने छापा मारकर रामभरोसे व उसके बेटे वीरेश समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। देर रात तक इनसे सिरौली थाने में पूछताछ की जा रही थी। मुखबिर की पुख्ता सूचना पर टीम प्रभारी विकास यादव ने रात करीब नौ बजे दबिश दी। वहां एक कमरे में मार्फीन से हेरोइन बनाई जा रही थी। पुलिस ने रामभरोसे, उसके बेटे वीरेश व पड़ोसी गांव निवासी रिश्तेदार बृजेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करीब साढ़े चार किलो हेरोइन के साथ ही मौके से काफी मात्रा में केमिकल व उपकरण बरामद किए गए। सीओ मीरगंज अजय कुमार को भी टीम ने मौके पर बुलाया। उनकी मौजूदगी में लिखापढ़ी व बरामदगी की गई। देर रात सिरौली थाने में टीम प्रभारी की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि संयुक्त टीम ने सराहनीय काम किया है। मौके पर ही हेरोइन बनाते लोग पकड़े गए हैं। इनसे पूछताछ के बाद इनके नेटवर्क को ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 23, 2026, 08:48 IST
बरेली: पूर्व ब्लॉक प्रमुख के सौतेले भाई के घर चल रही थी हेरोइन बनाने की फैक्टरी, पिता-पुत्र समेत तीन गिरफ्तार #CityStates #Bareilly #UttarPradesh #HeroinFactory #Accused #Crime #Police #SubahSamachar
