Bareilly News: एप की खराबी ने दूसरी पाली में रोकी बायोमीट्रिक
बरेली। संघ लोक सेवा आयोग की सीडीएस (कंबाइंड डिफेंस सर्विस) व एनडीए (नेशनल डिफेंस अकादमी)-एनए (नवल अकादमी) 2026 की परीक्षाओं का आयोजन रविवार को कराया गया। परीक्षा 19 सेंटरों पर हुई। पहली पाली में कुछ सेंटरों पर यूपीएससी की फेस ऑथेंटिकेशन एप कारगर रही, लेकिन शेष पालियों में एप ने काम करना ही बंद कर दिया। इसलिए दूसरी पाली में बिना बायोमीट्रिक के परीक्षाएं कराई गईं। सीडीएस की परीक्षा में दूसरी पाली में पहली पाली के मुकाबले चार छात्र अतिरिक्त रहे, जिनकी बायोमीट्रिक पहली पाली में ही नहीं हो सकी। सीडीएस की परीक्षा देने आए केवल पुरुष अभ्यर्थियों के ही नहीं महिला अभ्यर्थियों के भी जूते-मोजे उतरवाए गए, परीक्षार्थियों ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है।सीडीएस की परीक्षा छह सेंटरों पर तीन पालियों में आयोजित की गई। अंग्रेजी व सामान्य ज्ञान की परीक्षा सभी के लिए अनिवार्य रही, तो वहीं तीसरी पाली में प्रारंभिक गणित की परीक्षा वैकल्पिक रही। प्रथम पाली में अंग्रेजी की परीक्षा में 2308 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 1425 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। द्वितीय पाली में सामान्य ज्ञान की परीक्षा दोपहर 12.30 बजे से 2.50 तक हुई, इसमें 2308 में 1429 ने परीक्षा दी। वहीं, तीसरी शिफ्ट में प्रारंभिक गणित की परीक्षा चार बजे से शाम छह बजे तक हुई। इसमें 1233 में से 730 छात्रों ने परीक्षा दी। एनडीए व एनए की परीक्षा 13 सेंटरों पर आयोजित हुई। इसमें कुल 5747 परीक्षार्थी पंजीकृत रहे। ये परीक्षा दो पालियों में कराई गई, इसमें प्रथम पाली में सुबह दस से 12:30 बजे तक गणित की परीक्षा में 4166 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। वहीं, दूसरी पाली दोपहर दो बजे से 4:30 बजे तक सामान्य योग्यता की परीक्षा में 4153 परीक्षार्थी उपस्थित रहे।इन सेंटरों पर हुई परीक्षा-बिशप मंडल इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गुलाब राय इंटर कॉलेज, कांति कपूर बालिका विद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज, एसवी इंटर कॉलेज के ब्लॉक ए और बी, साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामिया ब्लॉक ए और बी, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, मनोहरभूषण इंटर कॉलेज, लाइंस रोहिला इंटर कॉलेज में एनडीए-एनए की परीक्षा कराई गई। बरेली कॉलेज के ए, बी, सी, डी, ई व बरेली इंटर कॉलेज में सीडीएस की परीक्षा हुई।बिगाड़ी सिक्योरिटी की व्यवस्था 19 सेंटरों पर सभी सुपरवाइजरों को फोन के माध्यम से यूपीएससी की ओर से एक फेस ऑथेंटिकेशन एप का लिंक दिया गया, जिसके बाद सभी को अपने फोन में इसे डाउनलोड करने के लिए कहा। इस एप ने कई जगह काम किया तो कई जगह परीक्षार्थियों के लाइव फोटो का एडमिट कार्ड से मैच नहीं हो रहे थे। इस पर सत्यापन करने के लिए परीक्षार्थियों के आधार कार्ड की फोटो को स्कैन किया गया। इतना ही नहीं पहली पाली में जैसे तैसे सेंटरों पर बायोमीट्रिक कराई गई। यही समस्या एनडीए के सेंटरों पर भी आई। इसके बाद जब दूसरी पाली में बायोमीट्रिक करने की कोशिश हुई तो एप पर 503 एरर ही आ गया। एक निरीक्षक ने बताया कि उन्होंने कई बार इंस्टॉल व अनइंस्टॉल किया, लेकिन एप ने काम नहीं किया, इसके बाद परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड देखकर ही परीक्षा में बैठाया गया।परीक्षा रही आसानपरीक्षा बेहद आसान रही, पहले भी परीक्षा दे चुका हूं। दूसरी बार भी अच्छे अंकों की उम्मीद है। - कुणाल, बरेलीपरीक्षा आसान थी, लेकिन पहली पाली में बायोमीट्रिक में इतना समय लगा कि ऐन वक्त पर प्रश्न पत्र मिला। - अग्रिमा, बरेली एक तो दूर से आया, दूसरा बायोमीट्रिक में समय खराब हुआ, इसलिए पेपर के लिए समय कम पड़ा, हालांकि आसान रहा। - रहमत अली, मुरादाबाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 13, 2026, 02:51 IST
Bareilly News: एप की खराबी ने दूसरी पाली में रोकी बायोमीट्रिक #AppGlitchHaltsBiometricTestingInSecondShift #SubahSamachar
