Prayagraj News: परीक्षा समाप्त होते ही स्टेशनों पर बढ़ी भीड़, भागते हुए परीक्षार्थियों ने पकड़ी ट्रेन
यूपी होमगार्ड परीक्षा-2026 के पहले दिन शनिवार को परिवहन केंद्रों पर परीक्षार्थियों का भारी रेला देखने को मिला। रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों पर सुबह से ही परीक्षार्थियों की भीड़ दिखाई देने लगी। शाम को भीड़ ज्यादा बढ़ने पर रेल और रोडवेज प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए। चौरीचौरा, कालिंदी, संगम, नौचंदी और कानपुर इंटरसिटी जैसी प्रमुख ट्रेनें कोच में क्षमता से अधिक भीड़ के कारण ठसाठस भरी रहीं। प्रयागराज जंक्शन पर पहली पॉली की परीक्षा समाप्त होने के बाद ही पूर्वांचल की तरफ जाने वाले अभ्यर्थियों की भीड़ पहुंचनी शुरू हो गई। वाराणसी से बलिया के रास्ते छपरा जाने वाली सारनाथ पूरी तरह से पैक रही। ट्रेन जब जंक्शन से चली तब भी तमाम अभ्यर्थियों ने भागते उसे पकड़ा।भीड़ के दबाव को देखते हुए मंडल के डीआरएम रजनीश अग्रवाल और एडीआरएम दीपक कुमार ने खुद मंडलीय वार रूम में मोर्चा संभाला। इस दौरान कानपुर रूट पर उमड़ी भारी भीड़ को देखते हुए दो विशेष ट्रेनें चलाई गईं, जबकि फतेहपुर मेमू का विस्तार प्रयागराज जंक्शन तक कर दिया गया।जंक्शन आरपीएफ पोस्ट प्रभारी अमित मीना और अन्य जवानों ने परीक्षार्थियों को लाइन में लगवाया। देर शाम चौरीचौरा के आगमन के दौरान भी प्लेटफार्म-छह पर भीड़ बढ़ी। परीक्षार्थी आरक्षित कोचों में चढ़ गए। मंडल पीआरओ अमित कुमार सिंह के मुताबिक, लखनऊ और कानपुर के लिए विशेष ट्रेनों का संचालन जारी है और अगले दो दिनों तक अतिरिक्त प्रबंध लागू रहेंगे।वहीं, रोडवेज बसों में भी खूब भीड़ उमड़ी। खासतौर से पूर्वांचल के शहरों की तरफ जाने वाली बसों में भीड़ ज्यादा रही। इस वजह से रोडवेज ने बसों के फेरे बढ़ाए। विद्या वाहिनी अस्थायी बस स्टेशन पर भी टिनशेड के नीचे बसों का इंतजार करते अभ्यर्थी दिखाई दिए।तेज धूप से टिनशेड के नीचे आम यात्रियों के साथ परीक्षार्थियों को काफी परेशानी हुई। इस बीच जौनपुर, गोरखपुर, वाराणसी, प्रतापगढ़, कानपुर मार्ग के लिए अतिरिक्त बसें चलाई गईं। क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार सिंह के अनुसार, कई बसें रिजर्व में भी रखी गईं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 26, 2026, 02:48 IST
Prayagraj News: परीक्षा समाप्त होते ही स्टेशनों पर बढ़ी भीड़, भागते हुए परीक्षार्थियों ने पकड़ी ट्रेन #Recruitment #Exam #HomeGuard #SubahSamachar
