Kullu News: अटल टनल में बर्फबारी, पर्यटकों ने की खूब मस्ती
सोलंगनाला (कुल्लू)। पर्यटन नगरी में बारिश और अटल टनल रोहतांग में ताजा बर्फबारी हुई है। गुलाबा और रोहतांग दर्रा बर्फ से सराबोर हो गए हैं। अटल टनल रोहतांग के पास बर्फबारी के बाद पर्यटकों की भारी संख्या में भीड़ देखने को मिली। बुधवार को पर्यटक फोर बाई फोर वाहनों में अटल टनल तक पहुंचे। अन्य वाहनों को सोलंगनाला में ही रोक दिया गया।पर्यटक बर्फबारी के बीच फोटो और वीडियो बनाते नजर आए, जबकि कई पर्यटक बर्फ के गोले बनाकर मस्ती करते दिखाई दिए। हालांकि, बर्फबारी के कारण सड़क पर फिसलन भी बढ़ गई है। ऐसे में प्रशासन ने पर्यटकों को सावधानी से यात्रा करने की सलाह दी है। सुरक्षा व्यवस्था के चलते प्रशासन ने सोलंगनाला से आगे अटल टनल और सिस्सू-कोकसर की तरफ सिर्फ फोर बाई फोर वाहनों को ही अनुमति दी है। गुलाबा की तरफ फिलहाल सब तरह के वाहनों को जाने की अनुमति है। अटल टनल के आसपास का पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है, जिससे यहां का नजारा और भी खूबसूरत हो गया है। पर्यटक इस प्राकृतिक सौंदर्य का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि अटल टनल में बर्फबारी हो रही है। लिहाजा, सोलंगनाला से आगे साधारण वाहनों को नहीं भेजा जा रहा है। सोलंगनाला से आगे सिर्फ फोर बाई फोर वाहनों को ही जाने की अनुमति है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 08, 2026, 17:04 IST
Kullu News: अटल टनल में बर्फबारी, पर्यटकों ने की खूब मस्ती #AtalTunnelReceivesSnowfall #TouristsHaveALotOfFun #SubahSamachar
