Agra News: दगा दे गए एटीएम, त्योहार पर गहराया नकदी का संकट
आगरा। त्योहार पर एटीएम दगा दे गए। बैकिंग सेवाओं की भी पोल खुल गई है। शनिवार को शहर में 150 से अधिक एटीएम में नकदी खत्म हो जाने से बंद रहे। इससे बाजारों में नकदी का संकट खड़ा हो गया। नकदी के लिए खाताधारक एटीएम पर भटकते रहे।लापरवाही और कैश रीफिलिंग की लचर व्यवस्था के कारण बाजारों में नकद खरीदारी बुरी तरह प्रभावित रही, जिससे स्थानीय व्यापारियों और आम जनता में गहरा रोष रहा। त्योहारी सीजन में बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। कपड़े, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स और सर्राफा बाजारों में नकदी की भारी मांग के बावजूद शहर के प्रमुख व्यावसायिक इलाकों संजय प्लेस, एमजी रोड, शाहगंज और कमला नगर से लेकर कारगिल पेट्रोल पंप चौराहा तक अधिकांश एटीएम पर कैश नहीं है के बोर्ड लटके दिखे। नकदी न मिलने के कारण ग्राहकों को एक एटीएम से दूसरे एटीएम तक भटकना पड़ रहा है।आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल का कहना है कि त्योहारी खरीदारी के दौरान छोटे दुकानदारों और रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के पास नकद भुगतान की प्राथमिकता रहती है। व्यापारी नेता जय पुरसनानी ने कहा कि बैंक अधिकारियों को लंबी छुट्टियों और अत्यधिक निकासी का अनुमान था, फिर भी रीफिलिंग एजेंसियों को समय पर सक्रिय नहीं किया गया। दूसरी ओर, बैंक अधिकारियों का दावा है कि छुट्टियों के दौरान निकासी की मात्रा अचानक कई गुना बढ़ जाने से कुछ एटीएम खाली हुए हैं। आपातकालीन टीमों को तैनात कर एटीएम में दोबारा कैश लोड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है ताकि त्योहार के दौरान लोगों को और असुविधा न हो।- ऋषिकेश बनर्जी, मैनेजर, लीड बैक
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 08, 2026, 02:07 IST
Agra News: दगा दे गए एटीएम, त्योहार पर गहराया नकदी का संकट #ATMsFail #CashCrunchIntensifiesDuringTheFestiveSeason #SubahSamachar
