Weather Update: बरेली में बारिश के साथ अगस्त का आगाज, सप्ताहभर मौसम का यलो अलर्ट जारी

बरेली में पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने पर धूप और उमस से बेहाल हो रहे लोगों को अब एक सप्ताह तक राहत मिलने के आसार हैं। अगस्त का आगाज 18 मिमी बारिश से हुआ। शनिवार को दिन भर बादल मंडराते रहे। कई इलाकों में रिमझिम बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। मौसम विभाग से सप्ताहभर बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, जुलाई तक सामान्य से कम बारिश हुई है। भूमध्यरेखीय प्रशांत महासागर और हिंद महासागर में चक्रवाती परिस्थितियों की वजह से अगस्त में औसत तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। हालांकि, राजस्थान में बने निम्न वायुदाब से विस्तृत द्रोणी के प्रभाव से गंगा के मैदानी इलाकों में मानसूनी प्रवाह मजबूत होने की संभावना है। इस लिए सप्ताहभर अनुकूल माहौल बनने पर पहाड़ों से सटे मैदानी इलाकों में हल्की, मध्यम और भारी बारिश की संभावना है। शनिवार को अधिकतम तापमान तीन डिग्री लुढ़ककर सामान्य से दो डिग्री कम 31.3 डिग्री और न्यूनतम सामान्य से एक डिग्री कम 25.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नमी का स्तर सौ फीसदी और हवा की गति 20-25 किमी प्रति घंटे रही। आगामी दिनों में बारिश होने से तापमान में गिरावट हो सकती है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 02, 2026, 03:35 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Weather Update: बरेली में बारिश के साथ अगस्त का आगाज, सप्ताहभर मौसम का यलो अलर्ट जारी #CityStates #Bareilly #UttarPradesh #Weather #Rain #ImdWeather #SubahSamachar