Ayodhya News: अविनाश की ब्रेजा कार बरामद, रिमांड पर किए कई खुलासे
अयोध्या। राम मंदिर चढ़ावा चोरी के आरोेपी अविनाश शुक्ला ने शुक्रवार को कस्टडी रिमांड में कई खुलासे किए हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद हाल ही में आरोपी की ओर से खरीदी गई ब्रेजा कार को बरामद किया है। यह कार नगर कोतवाली क्षेत्र में ही एक सड़क के किनारे खड़ी थी। पूछताछ में पता चला कि आरोपी 14 कोसी परिक्रमा मार्ग पर भीखापुर के निकट एक बाग में इकट्ठा होते थे और वही रुपयों का बंटवारा होता था। पुलिस ने अविनाश को वहां ले जाकर जगह चिह्नित कराया है।पुलिस ने शुक्रवार की सुबह लगभग 9:00 बजे चढ़ावा चोरी के आरोपी अविनाश शुक्ला को कस्टडी रिमांड पर जेल से बाहर निकाला। पुलिस लाइन परिसर में पहले उससे काफी देर तक पूछताछ हुई। इसके बाद पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर मौके पर ले जाया गया। विवेचक आशुतोष त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी को कौशलपुरी स्थित श्याम साधनालय योग केंद्र के किराये के कमरे में लेकर पहुंची। एसओजी टीम भी मौके पर मौजूद रही। पुलिस ने करीब 10 मिनट तक कमरे की गहन तलाशी लेकर दस्तावेज व अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की। इसके बाद टीम आरोपी को साथ लेकर आगे की कार्रवाई के लिए रवाना हो गई। सूत्रों का कहना है कि रिमांड की अवधि समाप्त होने के बाद देर रात पुलिस अविनाश को जेल में दाखिल कराएगी। पुलिस लाइन के सभी प्रवेश द्वार कर दिए गए थे सीलइससे पहले, राम मंदिर दान प्रकरण के आरोपी अविनाश शुक्ला को 13 घंटे की पुलिस रिमांड पर लेने के बाद शुक्रवार को पुलिस टीम जिला कारागार से पुलिस लाइन स्थित चिकित्सालय पहुंची, जहां जिला चिकित्सक डॉ. आशीष पाठक ने मेडिकल परीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस लाइन के सभी प्रवेश द्वार सील कर दिए गए थे। सूत्रों के अनुसार मेडिकल के बाद पुलिस आरोपी को कस्टडी में लेकर उसके पैतृक निवास प्रतापगढ़ के लिए रवाना हुई। पुलिस आरोपी से कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर पूछताछ कर मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने का प्रयास कर रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 03, 2026, 20:53 IST
Ayodhya News: अविनाश की ब्रेजा कार बरामद, रिमांड पर किए कई खुलासे #Avinash'sBrezzaCarRecovered;SeveralRevelationsMadeDuringRemand #SubahSamachar
