Ayodhya : हनुमंतलला के प्रथम दर्शन की परंपरा निभाने उमड़ेगी आस्था, लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद
रामनगरी अयोध्या में ज्येष्ठ माह के पहले बड़े मंगल को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मान्यता है कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालु पहले हनुमंतलला के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करते हैं, इसके बाद ही भगवान श्रीराम का दर्शन पूर्ण माना जाता है। यही वजह है कि बड़े मंगल के अवसर पर हनुमानगढ़ी सहित सभी प्रमुख मंदिरों में आस्था का सैलाब उमड़ता है। पहले बड़े मंगल पर इस बार भी लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। प्रशासन और मंदिर समितियां व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। रामनगरी की सिद्धपीठ हनुमानगढ़ी सहित शहर के अन्य हनुमान मंदिरों नाका हनुमानगढ़ी, वीर भगवान मंदिर, हनुमान किला, रिकाबगंज हनुमान गढ़ी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और अखंड रामनाम संकीर्तन का आयोजन होगा। रामनगरी के विभिन्न स्थानों पर भंडारे भी आयोजित होंगे, जहां श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा। रामनगरी में भीड़ नियंत्रण के लिए यातायात डायवर्जन का भी प्लान प्रशासन तैयार कर रहा है। बड़े मंगल पर हनुमानगढ़ी में दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के उमड़ने की उम्मीद है। वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, चिकित्सा और सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। ये भी पढ़ें - ''यूपी में अब नहीं देनी पड़ती रिश्वत'', ईवीएम पर फिर उठे सवाल, एक साथ दफनाए गए चार मासूमों के शव ये भी पढ़ें - अखिलेश यादव बोले: जब बिजली के स्मार्ट मीटर में हो सकती है गड़बड़ी तो ईवीएम में क्यों नहीं, चुनाव आयोग इसे देखे नागा साधुओं की टीम भी संभालेंगी भीड़ नियंत्रण का जिम्मा संकट मोचन सेना के अध्यक्ष महंत संजय दास बताते हैं कि बड़े मंगल का विशेष धार्मिक महत्व है और इस दिन की गई पूजा-अर्चना से संकटों का नाश होता है तथा मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। हनुमानगढ़ी में विराजमान हनुमंतलला का हर बड़े मंगल पर दिव्य शृंगार होगा। सोने-चांदी के आभूषणों से सज्जित किया जाएगा। 56 भोग अर्पित होगा। मालपुआ का विशेष प्रसाद चढ़ाया जाएगा। मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। भीड़ नियंत्रण के पुलिस प्रशासन के साथ हनुमानगढ़ी के नागा साधुओं की टीम भी लगाई जाएगी। अयोध्या में बड़े मंगल का यह पर्व न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि सेवा, समर्पण और भक्ति की भावना का भी अद्भुत उदाहरण बनकर हर वर्ष नई ऊर्जा का संचार करता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 03, 2026, 15:33 IST
Ayodhya : हनुमंतलला के प्रथम दर्शन की परंपरा निभाने उमड़ेगी आस्था, लाखों श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद #CityStates #Ayodhya #Lucknow #UttarPradesh #AyodhyaNews #UpNews #BadaMangal #SubahSamachar
