अयोध्या: 300 क्विंटल फूलों से महकेगी रामनगरी, दीपोत्सव की आहट से चढ़े दाम, 150 क्विंटल तक पहुंचेगी मांग
दीपोत्सव में रामनगरी सिर्फ लाखों दीपों की रोशनी से ही नहीं दमकेगी, बल्कि फूलों की खुशबू से भी सराबोर होगी। रामपथ से राम की पैड़ी, श्रीरामजन्मभूमि परिसर और प्रमुख मंदिरों से लेकर आयोजन स्थलों तक फूलों से सजावट की तैयारियां चल रही हैं। सात नवंबर को होने वाले दसवें दीपोत्सव को लेकर फूलों के कारोबार में भी तेजी आ गई है। सामान्य दिनों में जहां अयोध्या में प्रतिदिन 20 से 25 क्विंटल फूलों की खपत होती है, वहीं दीपोत्सव के दौरान यह मांग बढ़कर करीब 100 से 150 क्विंटल प्रतिदिन तक पहुंचने का अनुमान है। तीन दिवसीय आयोजन और सजावट को मिलाकर करीब 300 क्विंटल फूलों की खपत होने की संभावना है। फूल कारोबारी पिंटू मांझी ने बताया कि मांग में अचानक आई तेजी का असर फूलों की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है। एक सप्ताह पहले की तुलना में फूलों के दाम बढ़ गए हैं। मांग पूरी करने के लिए कोलकाता, दिल्ली और लखनऊ की मंडियों से फूलों की खेप मंगाई जा रही है। एक अन्य फूल कारोबारी आलोक पाल ने बताया कि दीपोत्सव की सजावट में गेंदा और गुलाब की सबसे अधिक मांग है। पीले और नारंगी गेंदे से तोरण, मालाएं, स्वागत द्वार और मंच सजाए जा रहे हैं। वहीं, लाल गुलाब का इस्तेमाल विशेष सजावट और अतिथियों के स्वागत में किया जा रहा है। इसके अलावा रजनीगंधा, गुलदाउदी, चमेली और अन्य सजावटी फूलों की भी मांग है। रजनीगंधा का इस्तेमाल मंचों और विशेष सजावट में किया जा रहा है। तीन महानगरों की मंडियों पर निर्भरता पिंटू मांझी ने बताया कि रामनगरी में फूलों की बढ़ती मांग पूरी करने के लिए स्थानीय बाजार के साथ बाहरी मंडियों पर भी निर्भर रहना पड़ रहा है। कोलकाता, दिल्ली और लखनऊ से अलग-अलग किस्मों के फूल मंगाए जा रहे हैं। कारोबारियों के सामने फूलों की नियमित आपूर्ति के साथ उनकी ताजगी बनाए रखने की चुनौती भी है। मांग के अनुरूप स्टॉक और खेप की व्यवस्था की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 15:37 IST
अयोध्या: 300 क्विंटल फूलों से महकेगी रामनगरी, दीपोत्सव की आहट से चढ़े दाम, 150 क्विंटल तक पहुंचेगी मांग #CityStates #Ayodhya #Lucknow #AyodhyaNews #UpNews #Deepotsav2026 #SubahSamachar
