UP: न ड्राइविंग न फेसलेस टेस्ट, 4000 रुपये दो, डीएल लो; दलाल बोले- अंदर देने पड़ते हैं 2000, इसलिए बढ़ा रेट
सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) के बाहर ड्राइविंग लाइसेंस (डीएल) दलालों के ट्रैक पर दौड़ रहा है। कोई भी डीएल बनवाने जाता है तो कार्यालय के बाहर सक्रिय दलाल उससे स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए 3200 से 4000 रुपये तक की मांग करते है। दलालों ने दावा किया कि तय रकम देने पर न ड्राइविंग टेस्ट देना पड़ेगा और न ही अन्य औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। सिर्फ आधार कार्ड देना होगा और फोटो खिंचवाने आना होगा। बातचीत के दौरान कई दलालों ने यह भी कहा कि प्रति फाइल अंदर 2000 रुपये देना पड़ता हैं इसलिए अब रकम बढ़ गई है। संवाद न्यूज एजेंसी की टीम ने गंभीरवन स्थित नवनिर्मित एआरटीओ कार्यालय के बाहर पड़ताल की। कार्यालय के आसपास कई दलाल सक्रिय मिले। टीम ने अलग-अलग लोगों से सामान्य आवेदक बनकर बातचीत की। अधिकांश ने कहा कि यदि आवेदक ऑनलाइन आवेदन कर स्वयं टेस्ट देना चाहता है तो उन्हें 1500 रुपये देने होंगे। वहीं, यदि टेस्ट और अन्य प्रक्रिया से बचना है तो 4000 रुपये खर्च करने होंगे। जब टीम के सदस्यों ने अधिक रकम लेने का कारण पूछा तो एक दलाल ने कहा, अंदर अधिकारी को प्रति फाइल 2000 रुपये देना होता है। हम अपनी जेब से तो देंगे नहीं। एक अन्य ने दावा किया कि पहले प्रति फाइल 500 रुपये, फिर 1000 रुपये लिए जाते थे, जबकि अब नए आरआई के आने के बाद यह रकम 2000 रुपये हो गई है। करीब पांच दलालों से हुई बातचीत में अधिकांश ने 3200 से 4000 रुपये तक की मांग की।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 06, 2026, 13:13 IST
UP: न ड्राइविंग न फेसलेस टेस्ट, 4000 रुपये दो, डीएल लो; दलाल बोले- अंदर देने पड़ते हैं 2000, इसलिए बढ़ा रेट #CityStates #Azamgarh #Varanasi #UttarPradesh #AzamgarhArto #AzamgarhNews #DrivingLicense #SubahSamachar
