Moga: बाघापुराना एसडीएम ने डीसी मोगा पर लगाए उत्पीड़न व मानसिक प्रताड़ना के आरोप, चीफ सेक्रेटरी को लिखा पत्र
बाघापुराना के एसडीएम बाबनदीप सिंह वालिया ने पंजाब के चीफ सेक्रेटरी को पत्र लिखकर मोगा के डीसी सागर सेतिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं। एसडीएम ने पंचायत समिति चुनाव के दौरान दबाव बनाने, लगातार उत्पीड़न, देर रात फोन कॉल और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। यह पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पत्र लिखने के बाद एसडीएम छुट्टी पर चले गए हैं और उनके फोन बंद हैं। एसडीएम बाबनदीप सिंह वालिया ने चीफ सेक्रेटरी को लिखे पत्र में बताया कि 17 मार्च को कानून-व्यवस्था बिगड़ने के कारण चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी थी। उन्होंने समय रहते इसकी सूचना डीसी मोगा को दे दी थी। इसके बाद से उनके साथ लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। पत्र में एसडीएम ने आरोप लगाया है कि उन्हें बार-बार बैठकों के लिए बुलाया गया, देर रात तक फोन कॉल किए गए और छुट्टी के दौरान भी उनसे संपर्क किया गया। उन्होंने कहा कि इससे उन्हें मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा और कई बार उन्हें अपना फोन बंद करना पड़ा। एसडीएम का दावा है कि उन पर किसी खास उम्मीदवार के पक्ष में चुनाव परिणाम घोषित करने का दबाव बनाया जा रहा था। उन्हें धमकी भरे संदेश भी मिले हैं, जिनमें उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरा बताया गया है। उन्होंने आशंका जताई कि कुछ अधिकारियों के साथ मिलकर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई या एफआईआर दर्ज करवाने की साजिश रची जा रही है। तबादले और जांच की मांग एसडीएम वालिया ने चीफ सेक्रेटरी से निष्पक्ष जांच कराने, अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और उत्पीड़न रोकने की मांग की है। साथ ही उन्होंने एक महीने की छुट्टी और मोगा जिले से तबादले की भी मांग की है। जानकारी के अनुसार, एसडीएम बाबनदीप सिंह वालिया पत्र लिखने के बाद से छुट्टी पर हैं और उनके फोन भी बंद आ रहे हैं। पत्र के संबंध में उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन बंद मिला। न ही किसी अधिकारी ने इस मामले में कोई जानकारी दी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 23, 2026, 04:00 IST
Moga: बाघापुराना एसडीएम ने डीसी मोगा पर लगाए उत्पीड़न व मानसिक प्रताड़ना के आरोप, चीफ सेक्रेटरी को लिखा पत्र #CityStates #Punjab #BaghapuranaSdm #DcMoga #PunjabChiefSecretary #SubahSamachar
