Kullu News: बंजार-गुशैणी-बठाहड़ मार्ग 18 घंटे बाद बसों समेत बड़े वाहनों के लिए बहाल
गुशैणी (कुल्लू)। तीर्थन घाटी को जोड़ने वाला बंजार-गुशैणी-बठाहड़ मुख्य मार्ग बसों सहित बड़े वाहनों के लिए शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे खुला है। लोक निर्माण विभाग को सड़क बहाल करने में 18 घंटे का समय लगा।मार्ग को छोटे वाहनों के लिए विभाग ने वीरवार रात को 9:30 बजे खोल दिया था। हालांकि अभी बसें गुशैणी तक जा रही है, क्योंकि गुशैणी से आगे चाधारी कैंची के पास मार्ग अभी अवरुद्ध है।ग्रेट हिमालयन नेशनल पार्क को जोड़ने वाली यह सड़क न केवल घाटी की करीब 10 पंचायतों की जीवन रेखा है बल्कि तीर्थन घाटी में बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचते हैं। वर्ष 2025 को होरनगाड़ के पास बादल फटने के बाद से यह मार्ग पर आवाजाही के लिए प्रभावित हो रहा है।वीरवार शाम को होरनगाड़ के आसपास पहाड़ी के दरकने से भारी मात्रा में चट्टानें सड़क पर आ गई थीं। इससे बंजार से पूरी तीर्थन घाटी का संपर्क मार्ग ठप हो गया था। सूचना के बाद लोक निर्माण विभाग ने मशीनरी भेज कर चट्टानों को हटाने का काम किया और रात करीब 9:30 बजे छोटे वाहनों के लिए खोला गया। रात होने से लोक निर्माण विभाग को काम रोकना पड़ा बड़े वाहनों के लिए शुक्रवार सुबह 10 बजे बहाल किया। स्थानीय निवासी लाल चंद ठाकुर, आदर्श शर्मा व टेक सिंह ने कहा कि एक साल से अधिक समय से बंजार-गुशैणी-बठाहड़ सड़क आम लोगों के साथ पर्यटकों के लिए परेशानी बनी है। उन्होंने कहा कि विभाग को गुशैणी से आगे भी सड़क को बस के लिए खोल देना चाहिए। लोग छोटे वाहनों में भारी भरकम किराया देकर सफर करने को मजबूर है। लोक निर्माण विभाग के अधीशासी अभियंता पवन राणा ने कहा कि सड़क से चट्टानों को हटा दिया है और सभी तरह के वाहन आवाजाही कर रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 14, 2026, 17:59 IST
Kullu News: बंजार-गुशैणी-बठाहड़ मार्ग 18 घंटे बाद बसों समेत बड़े वाहनों के लिए बहाल #Banjar-Gushaini-BathahadRoadRestoredForBusesAndHeavyVehiclesAfter18Hours. #SubahSamachar
